प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दिल्ली कैंटोनमेंट के कैरियप्पा परेड ग्राउंड में नेशनल कैडेट कोर (NCC) पीएम रैली में शामिल हुए। रैली की थीम ‘राष्ट्र प्रथमकर्तव्य निष्ठ युवा’ रही।
पीएम ने NCC में लड़कियों की संख्या बढ़ने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- इस बार भी बड़ी संख्या में लड़कियों ने शिविर में हिस्सा लिया। मैं खासतौर पर उन्हें बधाई देता हूं।
पीएम ने कहा कि कुछ सालों में NCC कैडेट्स की संख्या 14 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई। खासकर बॉर्डर-तटीय इलाकों में काफी बढ़ोतरी हुई है। पीएम ने कार्यक्रम में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर दुख जताया।
दरअसल, NCC पीएम रैली महीने भर चले एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के समापन का प्रतीक है, जिसमें देशभर से 2,406 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। इनमें 898 बालिका कैडेट्स शामिल रहीं।
इसके अलावा भूटान, श्रीलंका, ब्राजील, नेपाल और मलेशिया समेत 20 से अधिक मित्र देशों से 200 से ज्यादा कैडेट्स और अधिकारियों ने शिविर में हिस्सा लिया।
पीएम ने अपने संबोधन में कहा आप सभी अपनी भूमिका को सशक्त कर रहे हैं। एनसीसी युवाओं का मंच है। इस मंच पर अपनी विरासत को गौरव के साथ जिया जा रहै। इस साल वंदे मातरम् के 150 साल होने का उत्सव एनसीसी ने पूरे जोश से मनाया है। देश के कोने कोने में कार्यक्रम किए।
उन्होंने कहा कि वीर सागर यात्रा उसका उदाहरण है। कुछ साल पहले सरकार ने अंडमान निकोबार के 21 द्वीपों को अपने परमवीर चक्र विजेताओं के नाम दिए। इसके पीछे राष्ट्रनायकों को सम्मान देने का जो भाव था उसे आपने आगे बढ़ाया।लक्षद्वीप में द्वीप उत्सव के माध्यम से आपने सागर, संस्कृति और प्रकृति सबको सेलिब्रेट किया।
पीएम ने कहा कि एनसीसी ने इतिहास को स्मारकों से निकालकर लोगों के दिल में जीवंत किया। बाजीराव पेशवा, महायोद्धा लचित बोरफुकन जी भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व को साईकिल रैली के माध्यम से जनचेतना तक पहुंचाया। लालकिले से कहा था यही समय है सही समय है। हमारे देश के युवाओं के लिए आज का ये समय सबसे ज्यादा अवसरों का समय है।
पीएम ने कहा कि सरकार की कोशिश है युवाओं को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच एतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर सहमति हुई। इससे पहले ओमान, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, मॉरीशस, ब्रिटेन, यूएई जैसे देशों के साथ भी भारत ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। ये एग्रीमेंट लाखों करोड़ों नौजवानों के लिए अनगिनत अवसर बनाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को दुनिया भरोसे से देख रही है। इस भरोसे का कारण स्किल और संस्कार हैं। भारत के युवाओं के पास लोकतंत्र के संस्कार हैं। हमारे युवाओं के पास हर प्रकार की विविधता को सम्मान देने के संस्कार हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं के पास पूरी दुनिया को एक परिवार मानने के संस्कार हैं। इसलिए भारत के युवा जहां भी जाते हैं उस देश के लोगों के साथ घुलमिल जाते हैं। उनका दिल जीत लेते हैं। उस देश के विकास में मदद करते हैं। यही हमारे संस्कार और स्वभाव हैं।


