नरेंद्र मोदी आज लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में शाम 7.15 बजे होगा, लेकिन इससे पहले ही संभावित मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ हो गई है। कयास हैं कि मोदी के साथ करीब 63 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसमें अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अर्जुन राम मेघवाल जैसे नेता शामिल हैं।
NDA सरकार के 63 सांसदों में से भाजपा के 38 और अन्य सहयोगी दलों के 25 सांसद हो सकते हैं। यानी इस बार मोदी कैबिनेट में 40% सांसद गैर-भाजपाई होंगे। अमित शाह को फिर से गृहमंत्री बनाया जा सकता है।
JDU के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर और मुंगेर से सांसद ललन सिंह को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। वहीं, TDP से राम मोहन नायडू और पी. चंद्रशेखर पेम्मासानी को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा 7 अन्य पार्टियों से एक-एक सांसद को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
NDA सरकार में एक मंत्री पद को लेकर अजित पवार की NCP में खींचतान चल रही है। प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे दोनों ही दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में अजित पवार के सामने संकट खड़ा हो गया है कि इस विवाद को कैसे निपटाएं।


