कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार को एक खेत में प्राइवेट ट्रेनी प्लेन क्रैश हो गया। जमीन पर गिरने से पहले ही दोनों पायलट ने इजेक्ट कर लिया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। घटना बालेश्वर क्षेत्र मंगलुरु गांव में हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह रेड बर्ड एविएशन का एक प्राइवेट ट्रेनी एयरक्राफ्ट है। जो कलबुर्गी से बेलगावी जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लेन के इंजन में टेक्निकल खराबी आई थी।
विमान के मुख्य पायलट कैप्टन कुणाल मल्होत्रा थे। मल्होत्रा रेडबर्ड एविएशन में असिस्टेंट फ्लाइट इंस्ट्रक्टर (AFI) हैं। वहीं, ट्रेनी पायलट की पहचान गौतम शंकर पीआर के रूप में हुई है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड का सेसना 172 विमान, VT-EUC (MSN-17265717) था। इसने बेलगावी एयरपोर्ट से 100 किमी पूर्व में बागलकोट के पास एक खेत में इमरजेंसी लैंडिंग की। इंस्ट्रक्टर और कैडेट दोनों सुरक्षित हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का लियरजेट 45 प्रीमियम बिजनेस जेट क्रैश होने से 10 जनवरी को निधन हो गया था। सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया था। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई।प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट 21 जनवरी को क्रैश हो गया था। एयरक्राफ्ट हवा में उड़ते-उड़ते डगमगाया और तालाब में गिर गया। 2 सीटर एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बच गए। हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे केपी कॉलेज के पीछे हुआ। यह शहर के बीचों-बीच का इलाका है।ओडिशा के राउरकेला में 10 जनवरी को इंडिया वन एयर के 9 सीटर विमान की तकनीकी खराबी के बाद फोर्स लैंडिंग हुई थी। घटना दोपहर 1.20 बजे राउरकेला से 15 Km दूर जाल्दा इलाके की है। विमान में 4 यात्री और दो पायलट मौजूद थे। पायलट को उड़ान भरने के बाद 50 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। उसने MAYDAY कॉल किया।


