ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान हुई भगदड़ के समय मौजूद लोगों ने बताया- एक ही रास्ते से एंट्री और एग्जिट था। एग्जिट गेट बंद कर दिया गया था। वहीं से वीआईपी एंट्री करवाई जा रही थी। आम भक्तों के लिए कोई अलग रास्ता नहीं था। पुलिस भीड़ को संभाल नहीं पाई।
इसी बीच, रथ के सामने पूजा सामग्री से लदे दो ट्रक घुस आए, जिससे कई भक्त ट्रक से टकराकर गिर पड़े। इससे ही भगदड़ मच गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के वक्त मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं था। एंबुलेंस एक किमी दूर थी। घायलों को लोग हाथों पर उठा ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात से ही मंदिर के पास व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। श्रद्धालु जिस पॉलीथिन पर बैठे थे, बारिश में वह फिसलन भरी हो गई, जिससे लोग गिरते चले गए।
पुरी में रविवार सुबह 4:20 बजे जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मच गई। इसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 50 से ज्यादा घायल हुए। हादसा जगन्नाथ मंदिर से करीब 3 किमी दूर गुंडिचा मंदिर के सामने हुआ। यहां भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के दर्शन के लिए भारी भीड़ जुटी थी।
जगन्नाथ जी का रथ बाद में पहुंचा, लोगों में दर्शन की होड़ लग गई
पुरी की रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को उनकी मौसी के घर गुंडिचा मंदिर के सामने 9 दिन के लिए खड़ा कर दिया जाता है। यहां बलभद्र और सुभद्रा के रथ पहले पहुंच चुके थे। जगन्नाथ रथ बाद में पहुंचा, जिससे लोगों में उसके दर्शन करने की होड़ लग गई।
इसी दौरान भगदड़ मची, जिसमें गिरने से कई लोग कुचल गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था। हादसे में मारे गए लोगों के नाम बसंती साहू (36), प्रेमकांति महांति (78) और प्रभाती दास हैं। इनके शव पुरी मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं।

