लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दो स्किल्ड युवाओं शिवम और सैफ से मुलाकात की। इसका वीडियो उन्होंने X पर शेयर किया। इसमें उन्होंने PM मोदी की महत्वाकांक्षी ‘मेक इन इंडिया’ स्कीम पर सवाल उठाए।
वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने X पर लिखा- मेक इन इंडिया स्कीम से देश में प्रोडक्शन बढ़ाने का दावा किया गया था, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड निचले स्तर पर है और बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। 2014 से देश में मैन्युफैक्चरिंग 14% घटी है और चीन से इम्पोर्ट दोगुना हुआ है।
उन्होंने लिखा- मोदी जी ने समाधान नहीं, नारे लगाने की कला में महारत हासिल की है। सच्चाई यह है कि हम असेंबल करते हैं, इम्पोर्ट करते हैं, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग नहीं करते। इससे चीन को फायदा होता है।
राहुल बोले- PM ने सरेंडर किया
राहुल ने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट रिपेयर करने वाले दो युवाओं से नई दिल्ली के नेहरू प्लेस में मुलाकात का वीडियो शेयर किया था। वीडियो में राहुल दोनों से उनके काम के बारे में जानकारी लेते नजर आ रहे हैं।
राहुल ने उनसे पूछा कि मोबाइल में लगने वाले कितने पार्ट भारत में बनते हैं और कितने चीन से आते हैं। इस पर उन्होंने कहा- सारा सामान चाइनीज है।
अपनी पोस्ट में राहुल ने देश के इकोनॉमिक मॉडल की आलोचना करते हुए लिखा- PM मोदी के पास कोई नया आइडिया नहीं हैं। उन्होंने सरेंडर कर दिया है। यहां तक कि PLI स्कीम को भी अब चुपचाप वापस ले लिया गया। भारत को बदलाव की जरूरत है।
राहुल गांधी ने दिल्ली के एक सलून पर पहुंचे। वे यहां शेविंग करवाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ राहुल ने लिखा- ‘कुछ नहीं बचता है’ आज के भारत के हर मेहनतकश गरीब और मध्यम वर्ग के व्यक्ति की कहानी बयां करते हैं।


