लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान रायबरेली में राहुल गांधी की दाढ़ी-बाल काटने वाले मिथुन फिर सुर्खियों में हैं। 5 जून को मिथुन नई दिल्ली में राहुल गांधी के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
इस दौरान राहुल ने मिथुन की बेटी शिवांशी को गोद में उठाया, चॉकलेट-चिप्स खिलाए। उनके पूरे परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई। मिथुन लालगंज बैसवारा के रहने वाले हैं।
राहुल सर ने खुद अंदर बुलाकर हालचाल लिया
मिथुन बताते हैं- मैं दिल्ली में रहने वाले अपने साढ़ू मनीष के साथ राहुल गांधी से मिलने गया था। मेरे पास न तो राहुल गांधी का पता था और न ही कोई सीधा संपर्क। लेकिन जब हम दिल्ली पहुंचे, तो मनीष की मदद से उनके घर तक पहुंच गए। हम गेट पर पहुंचे और सिक्योरिटी गार्ड को अपने बारे में बताया। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने अंदर सूचना दी। इसके करीब 15 ही मिनट बाद मुझे परिवार के साथ अंदर से बुलावा आ गया।
बेटी को चॉकलेट खिलाई, गोद में उठाया
राहुल गांधी ने मिलते ही मुझे पहचान लिया। मेरी दुकान, परिवार और कामकाज के बारे में पूछा। उन्होंने मेरी डेढ़ साल की बेटी शिवांशी को गोद में उठाया और चॉकलेट-चिप्स दिए। इस बीच उन्होंने मेरे परिवार को इडली खिलाई और चाय पिलाई।
राहुल के सरल स्वभाव ने दिल जीत लिया
मिथुन ने कहा- राहुल सर का व्यवहार काफी सरल और अपनापन भरा था। करीब 15 मिनट की इस मुलाकात में हमें एहसास ही नहीं हुआ कि हम लोग इतने बड़े नेता से मिल रहे हैं। उनके सरल स्वभाव ने एक बार फिर हमारा दिल जीत लिया।
जब मैं उनके घर से आ रहा था, तो राहुल ने कहा कि वह जल्द ही लालगंज आएंगे। इस बार भी मैं आपकी ही दुकान पर अपनी दाढ़ी ट्रिम कराऊंगा। अगर आपको किसी तरह की कोई दिक्कत और परेशानी आती है, तो आप मुझे बता सकते हैं। चुनाव में जीत के बाद सांसद राहुल गांधी के साथ यह मेरी पहली मुलाकात है।


