भाजपा बोली- राहुल गांधी एंटी इंडिया फोर्स का हिस्सा:अमेरिकी फंडिंग पर ट्रम्प ने कहा था- भारत में चुनावी प्रक्रिया में दखल दिया जा रहा
नई दिल्ली29 मिनट पहले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका से मिलने वाले फंड (USAID) का इस्तेमाल भारत की चुनावी प्रक्रिया में दखल देने के लिए किया जा रहा था। ट्रम्प के इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ निशाना साधा है।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि, ‘लोकसभा चुनाव से पहले कई पत्रकारों और संगठनों ने भी कहा था कि विदेशी शक्तियां भारत की चुनावी प्रक्रिया में दखल देती हैं। इनका लक्ष्य होता है कि PM मोदी को कैसे हटाया जाए।’
उन्होंने कहा- कांग्रेस का हाथ भारत के दुश्मनों के साथ है। राहुल गांधी PM मोदी से नफरत करते-करते भारत से भी नफरत करने लगे हैं। राहुल गांधी एंटी-इंडिया फोर्स का हिस्सा बन गए हैं और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं।
राहुल का मकसद देश को कमजोर करना
भाजपा ने दावा किया कि राहुल गांधी का मकसद देश को कमजोर करना है और उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। राहुल ने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर के साथ मुलाकात की जो भारत विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों से सांठगांठ करने और भारत में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया।
भाटिया बोले- राहुल गद्दारी कर रहे
भाटिया ने कहा कि राहुल की चुप्पी इस बात को दर्शाती है कि वह संविधान की कसम खाने के बावजूद भारत के साथ गद्दारी कर रहे हैं। वे भारत विरोधी ताकतों को हमारे देश की शुद्ध चुनावी प्रक्रिया में दखल देने के लिए उकसा रहे हैं।

