हाथरस घटना को लेकर राहुल गांधी ने CM योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। कहा- हादसा इतना दुखद है कि परिजनों से मिलते समय मेरे पास सांत्वना के शब्द भी कम पड़ गए। दोषियों को कठोर सजा दी जाए, जिससे दोबारा ऐसी घटना न हो। राहुल ने हादसे के लिए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग की।
उधर, हाथरस हादसे के बाद भोले बाबा के सेवादार का ऑडियो सामने आया है। इसमें वो कह रहा है कि बाबा ने कहा था आज प्रलय होगी। कई लोगों की मौत होगी। प्रलय हो भी गई। अपने आप ही लोग सड़क पर गिरने लगे। फिर लाशें बिछ गईं।
न्यायिक जांच आयोग की टीम आज जिला अस्पताल में घायलों से पूछताछ कर सकती है। शनिवार को टीम ने डीएम और एसपी से घटना के बारे में जानकारी ली थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने भोले बाबा की राजनीतिक फंडिंग की जांच शुरू कर दी है।
हाथरस हादसे की जांच के लिए शनिवार को पहुंची टीम ने रविवार को इस हादसे से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए। टीम ने PWD गेस्ट हाउस में लोगों को बुलाया। टीम कुछ घायलों के घर भी पहुंची है। पुलिस से पूछताछ के आधार पर सत्संग के आयजकों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए भी बुलाया है।
हाथरस हादसे पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा- ये पुलिस और सरकार का फेलियर है। क्या इंटेलिजेंस बिल्कुल जीरो हो गई है? क्या उनको नहीं पता चला कि इतनी बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो रही है? ऐसे बाबाओं पर जरूर कार्रवाई होनी चाहिए।
भगदड़ कांड के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर की अलीगढ़ जेल में रात मुश्किल से बीती। क्वारंटाइन बैरक में वह रातभर करवट बदलता रहा। शनिवार को हाथरस कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। इसके बाद पुलिस मधुकर को लेकर शाम 7 बजे अलीगढ़ पहुंची। जेल के गेट पर जांच के बाद उसको सीधे क्वारंटाइन बैरक ले जाया गया।
SIT आज घायलों से कर सकती है पूछताछ
न्यायिक जांच आयोग की टीम अभी हाथरस में ही है। आज जिला अस्पताल में घायलों से पूछताछ कर सकती है। शनिवार को टीम ने डीएम और एसपी से घटना के बारे में जानकारी ली थी। साथ ही घटनास्थल पर भी गई थी।
भोले बाबा के सेवादार का ऑडियो सामने आया है। इसमें वो कह रहा है कि बाबा ने कहा था घबराने की जरूरत नहीं। आज प्रलय होगी। इसमें कई लोगों की मौत होगी। प्रलय हो भी गई। अपने आप ही लोग सड़क पर गिरने लगे। पहले एक गिरा, फिर दूसरा और लगातार लोग गिरने लगे। सब मर गए। लाशें बिछ गईं।
हम भी उसी जगह थे। प्रभु ने बचा लिया। भक्ति करो साकार हरि की। जिस दिन तुम भक्ति छोड़ दोगे, तुम भी नहीं बचोगे। जो उनकी भक्ति करेगा, वही बच पाएगा। अब उन्होंने प्रलय शुरू कर दिया।
साकार हरि लोगों को जिंदा भी कर सकते हैं। कोई बड़ी बात नहीं। वह शरीर धारी नहीं हैं, लेकिन फिर भी कोई नहीं समझ पा रहा। 25 साल में कितनी कितनी भीड़ हुई, तुमने कभी ऐसी आपदा देखी। आज भी उनकी लीला थी, वह दिखा रहे थे। उनको कोई नहीं रोक सकता।
हालांकि, सेवादार की पहचान नहीं हुई है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
हाथरस भगदड़ के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को CJM कोर्ट ने 14 दिन के लिए अलीगढ़ जेल भेज दिया है। कोर्ट में मीडिया का जमावड़ा था। मीडिया के सवालों से बचने के लिए पुलिस देव प्रकाश को पीछे के दरवाजे से दौड़ाते हुए बाहर लाई। उसका चेहरा रूमाल से बंधा था। तभी मधुकर का पैर फिसला और वह मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे तेजी से संभाला और फिर दौड़ाते हुए जीप में बिठाकर ले गए।
पुलिस ने मधुकर के साथी संजीव यादव को भी कोर्ट में पेश किया था। उसे भी 14 दिन के लिए अलीगढ़ जेल भेज दिया गया है।


