राहुल गांधी के यूपी दौरे का बुधवार को दूसरा दिन है। आज उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की। शुभम की पत्नी ऐशन्या राहुल को देखकर रोने लगीं। इस पर राहुल ने उन्हें गले लगा लिया और सांत्वना दी। शुभम के पिता भी राहुल को देखकर अपने आंसू नहीं रोक पाए।
ऐशन्या ने राहुल को पहलगाम में हुई घटना के बारे में सब कुछ बताया। उन्होंने बताया कि कैसे मेरे पति को आतंकियों ने गोली मार दी। ऐशन्या ने बताया कि हर जगह सुरक्षा की व्यवस्था थी, लेकिन पहलगाम में कोई सिक्योरिटी नहीं थी।
पढ़िए ऐशन्या और राहुल गांधी के बीच हुई बातचीत
ऐशन्या ने राहुल गांधी को बताया- 22 अप्रैल को दोपहर 2.25 बजे हम लोग लंच कर रहे थे। तभी नॉर्मल कपड़ों में एक आतंकी आया। उसने पूछा- हिंदू हो या मुसलमान? हिंदू कहते ही सिर्फ 5 सेकेंड में मेरे पति को गोली मार दी।
राहुल ने पूछा- यह सब कितनी देर तक चला? इस पर ऐशन्या ने कहा- करीब 45 मिनट तक आतंकियों ने खून-खराबा किया। वे आराम से लोगों से नाम पूछ-पूछकर उन्हें मार रहे थे। उन्हें यह टारगेट दिया गया था कि पत्नी के सामने पति की हत्या करनी है। वे महिलाओं से कहते थे कि जाकर अपनी सरकार को बताओ। मैं तुम्हारे पति को मार रहा हूं, तुम्हें नहीं मारूंगा।
राहुल ने फिर पूछा- जो लोग घायल थे, वे नीचे कैसे पहुंचे? ऐशन्या ने जवाब दिया- सर, मुझे मेरी बहन घसीटकर नीचे ले आई। आतंकियों ने महिलाओं को छुआ तक नहीं।
राहुल ने पूछा- आपने यह सब खुद देखा? इस पर ऐशन्या ने कहा- हां, मैं करीब 15-20 मिनट तक वहां थी।
इसके बाद ऐशन्या की बहन ने कहा- मैंने वहां मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। मेरी बहन शॉक्ड थी। कह रही थी कि वह नहीं जाएगी। मैं जबरन उसे खींचकर नीचे लाई। मैं घोड़े वालों से गिड़गिड़ाई, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
शुभम के पिता बोले- कुछ करिए, आप देश के बड़े नेता हैं
वहीं, शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा- बेटे का आधा सिर इसके (ऐशन्या) ऊपर गिरा था। आप कुछ करिए। आप इस देश के बड़े नेता हैं।
राहुल ने कहा कि मैंने दो बार ऐसा दर्द झेला है। मेरी दादी भी आतंकवाद की भेंट चढ़ीं और मेरे पिता भी चले गए। शुभम को शहीद का दर्जा मिले, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखूंगा। ऐसे लोगों को सम्मानित करने के लिए मैंने प्रधानमंत्री से सर्वदलीय बैठक की मांग की थी।
राहुल ने शुभम के परिवार वालों से अपने मोबाइल से प्रियंका गांधी से भी बात करवाई। राहुल ने कहा- आतंकियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे, वे चाहे जहां छुपे हों।


