अयोध्या राममय है। 7वें दीपोत्सव पर सरयू नदी के किनारे 51 घाटों पर 24 लाख दीप जलाए गए। 22 लाख 23 हजार दीप जलाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। होलोग्राफिक लाइट के जरिए महर्षि वाल्मीकि की राम की कथा सुनाई गई। लेजर शो के बाद 23 मिनट आतिशबाजी की गई। 84 लाख रुपए की कीमत के ग्रीन पटाखे जलाए गए।
24 लाख दीपों को जलाने के लिए 1 लाख 5 हजार लीटर सरसों तेल का इस्तेमाल किया गया है। 54 देशों के राजदूत भी दीपोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे हैं। दीपों की गिनती के लिए 2 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। पिछली बार सरयू तट पर 15 लाख 76 हजार दीप जलाने का कीर्तिमान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।इससे पहले सुबह श्रीराम के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाते हुए भव्य शोभा यात्रा निकली गई। दोपहर में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण पुष्पक विमान (हेलिकॉप्टर) से अयोध्या पहुंचे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी सभी का स्वागत किया। इसके बाद प्रभु राम को रामकथा पार्क लाया गया। यहां भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ। सीएम योगी ने राम का राज तिलक किया।

