कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने 7 दिसंबर को तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भट्टी विक्रमार्क डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। उनके साथ 11 मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम एलबी स्टेडियम में हुआ। इसमें सोनिया गांधी, राहुल, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए।
रेवंत ने शपथ लेने के तुरंत बाद दो फाइलों पर दस्तखत किए। पहली फाइल चुनाव से पहले कांग्रेस की तरफ से दी गईं 6 गारंटियों की थी। दूसरी फाइल में एक दिव्यांग महिला को नौकरी देने का वादा किया गया। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय ‘प्रगति भवन’ के बाहर लगी फेंस को हटवा दिया, जिसकी वजह से कई साल से लोगों को ट्रैफिक जाम की परेशानी हो रही थी।
तेलंगाना का गठन 2014 में हुआ था। तब से लेकर 2023 तक दो बार भारत राष्ट्र समिति (BRS) के के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) मुख्यमंत्री रहे। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में केसीआर को हार मिली और रेवंत रेड्डी के रूप में राज्य को दूसरा (कार्यकाल के हिसाब से तीसरा) सीएम मिला।


