हरियाणा में रोहतक की रहने वाली डॉ. प्रियंका शर्मा को जम्मू कश्मीर में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने हिरासत में लिया। प्रियंका से आतंकी माड्यूल में गिरफ्तार डॉ. आदिल अहमद के बारे में पूछताछ की गई।
प्रियंका अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में जनरल मेडिसिन की फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। डॉ. आदिल भी इसी मेडिकल कॉलेज में प्रियंका का सीनियर था। पूछताछ के बाद प्रियंका को छोड़ दिया गया।
प्रियंका का मोबाइल टीम ने जांच के लिए भेज दिया है। प्रियंका हरियाणा के झज्जर में सरकारी डॉक्टर है। वह MD करने के लिए स्टडी लीव पर 2023 से अनंतनाग में रह रही हैं। इनके पति भी भिवानी में सरकारी डॉक्टर हैं।
प्रियंका रोहतक शहर में जनता कॉलोनी की रहने वाली हैं। वह झज्जर के डीघल गांव में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में डॉक्टर हैं। उन्होंने सोनीपत में खानपुर मेडिकल कॉलेज से MBBS की थी। फिलहाल वह 2023 से स्टडी लीव पर जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में जनरल मेडिसिन में MD करने के लिए गई हुई हैं। प्रियंका की शादी भिवानी के बजीना गांव में हुई थी। प्रियंका के पति अनिरुद्ध शर्मा भिवानी के सिविल अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर हैं।
प्रियंका के भाई भारत ने बताया कि घर में पिता सतीश महम शुगर मिल में सिक्योरिटी टीम में तैनात हैं। मैं खुद सोनीपत रोडवेज डिपो में क्लर्क हूं। मां हाउस वाइफ है। शनिवार रात 9 बजे प्रियंका और मैं वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। 5 मिनट बाद प्रियंका के हॉस्टल में पुलिस की टीमें आई और गेट खटखटाया। इसके बाद प्रियंका का फोन कट हो गया।
भारत ने आगे बताया कि इसके बाद प्रियंका का फोन बंद हो गया। रात साढ़े 11 बजे जीजा अनिरुद्ध का मैसेज आया कि पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में लिया है। रात साढ़े 12 बजे प्रियंका का फोन आया कि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। उसका फोन पुलिस के पास ही है। जांच के लिए टीमों ने लैब में भेजा है।
प्रियंका के भाई ने आगे बताया कि प्रियंका से डॉ. आदिल अहमद के बारे में पूछताछ की गई। आदिल इसी मेडिकल कॉलेज में प्रियंका का सीनियर था। वह यहां पोस्टेड भी रहा। इसी संबंध में टीमों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।


