बिहार के जमुई में मंगलवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर ले जा रहे ड्राइवर ने SI और एक होमगार्ड को रौंद दिया। SI प्रभात रंजन की मौत हो गई है। होमगार्ड राजेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने छोटी-मोटी घटना बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। यह कोई नई बात नहीं है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भी तो घटना हुई है। यह कोई पहली घटना थोड़े ही है। यह सब होता रहता है।
बाइक से जवान के साथ निकले थे SI प्रभात रंजन
पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि मोहली टांड़ नदी से तस्कर अवैध रूप से बालू उठा रहे हैं। जिसके बाद SI प्रभात रंजन, होमगार्ड जवान राजेश कुमार के साथ बाइक से छापेमारी के लिए निकल गए। जैसे ही दोनों महोलियाटांड़ के पास पहुंचे तो उनकी नजर बालू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। उसे रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने दोनों को रौंद दिया।
दिल्ली में रहता है SI का परिवार
SI प्रभात रंजन गरही थाने में पदस्थ थे। वे वैशाली के महुआ के रहने वाले थे। उनका पूरा परिवार दिल्ली में रहता है। मंगलवार रात 8 बजे तक उनका शव जमुई पहुंचेगा। दोपहर 2 बजे तक उनका पार्थिव शरीर मलयपुर पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए रखा गया।

