लोकसभा के बाद हरियाणा विधानसभा में सुरक्षा चूक हुई है। मंगलवार को राज्य मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने वाली जूनियर महिला कोच ने सचिवालय का पास बनवाकर विधानसभा में घुसने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। अभी कोच पुलिस की हिरासत में ही है। महिला कोच की ओर से लगातार राज्यमंत्री संदीप सिंह पर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
जूनियर महिला कोच ने पुलिस को बताया कि मुझे कहीं से न्याय नही मिल रहा है, कहीं से कोई मदद नहीं मिल रही है।
विधानसभा में बैठकर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज कह रहे हैं कि मामला कोर्ट में है, इसलिए हम कुछ नहीं कर सकते। मैं यही बात आज अनिल विज से पूछने आई हूं।मैं सीएम मनोहर लाल से भी सवाल करना चाहती हूं कि अब तक मुझे न्याय क्यों नहीं मिल रहा है। मुझे डराया धमकाया जा रहा है।


