शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने शिवसेना शिंदे गुट की नेता शाइना एनसी पर दिए अपने बयान पर शनिवार को माफी मांग ली। सावंत ने कहा-
दरअसल, सावंत ने शुक्रवार को शाइना एनसी को इम्पोर्टेड माल कहा था। इसके खिलाफ शाइना ने मुंबई के नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की थी। शिवसेना शिंदे गुट की महिला विंग ने सावंत के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।
उधर, CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब जिंदा होते तो वे सावंत का मुंह तोड़ देते। किसी महिला के बारे में इतना बुरा बोलना निंदनीय है। इसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है। ये लोग दावा करते हैं कि ये बालासाहेब की विचारधारा को फॉलो करते हैं।
सावंत की अभद्र टिप्पणी मामला, 3 पॉइंट
एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने शाइना को मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और सिटिंग विधायक अमीन पटेल से होगा। शाइना एनसी पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। वे मुंबई के ग्लैमर वर्ल्ड की चर्चित हस्ती हैं। शिवसेना से टिकट घोषित होने के बाद शाइना ने भाजपा छोड़ दी थी। वे भाजपा की प्रवक्ता थीं।
सावंत से शुक्रवार को शाइना एनसी के चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा था- उनकी हालत तो देखो, सारी जिंदगी भाजपा में रहीं और अब दूसरी पार्टी में चली गईं। यहां इम्पोर्टेड माल नहीं चलता, असली माल ही चलता है।
सावंत के इस बयान पर शिवसेना शिंदे गुट ने आपत्ति जताई। शाइना एनसी ने नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। सावंत के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया गया। विवाद बढ़ने पर शिवसेना शिंदे गुट की महिला कार्यकर्ताओं ने मुंबई में प्रदर्शन भी किया।
शाइना बोलीं- अब कानून अपना काम करेगा
शाइना एनसी ने शिकायत दर्ज कराने के बाद शुक्रवार को कहा था- हम सभी जानते हैं कि ‘महाविनाश अघाड़ी’ वाले महिलाओं का सम्मान नहीं करते। मां मुंबा देवी का आशीर्वाद मेरे साथ है। अगर आप किसी महिला के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हैं तो यह FIR है और अब कानून अपना काम करेगा। आप किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, तो क्या आपको लगता है कि महिला चुप रहेगी? महाराष्ट्र की महिलाएं उन्हें करारा जवाब देंगी।
सावंत बोले- शाइना मुझे बदनाम कर रहीं
अरविंद सावंत ने शुक्रवार को कहा था, ‘मैं 55 साल से राजनीति में हूं। मैंने हमेशा से महिलाओं का सम्मान किया है। शाइना एनसी मेरी दोस्त हैं। उन्होंने मेरे लिए काम किया है और मैं उनका सम्मान करता हूं। ये लोग सत्ता जिहादी लोग हैं। उद्धव ठाकरे भी ऐसा ही कहते हैं। शाइना ने मेरे खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया, लेकिन वे मुझे ही बदनाम कर रही हैं।’
अरविंद सावंत की टिप्पणी पर 3 बयान
एकनाथ शिंदे: महाराष्ट्र की बहनें सावंत को उनकी जगह दिखाएंगी। ये सभी बहनें अपनी बहन का अपमान करने वालों से बदला लेंगी और चुनाव में उन्हें वापस घर भेजेंगी। अगर बालासाहेब होते और कोई शिवसैनिक ऐसा करता तो वे उसका मुंह तोड़ देता।
अजित पवार: महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है। महाराष्ट्र में हम गर्व से अपनी लड़की और बहनों का सम्मान करते हैं। हम महाराष्ट्र की वुमन आइकन को सेलिब्रेट करते हैं। अरविंद सावंत का बयान निंदनीय है।
रविशंकर प्रसाद: सावंत के बयान को देख-सुनकर मैं दुखी हूं। किसी राजनीतिक महिला के लिए इस तरह की टिप्पणी बहुत पीड़ादायक है। यह निंदनीय है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।


