आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जम्मू-कश्मीर के डोडा में पार्टी के उम्मीदवार की विधानसभा चुनाव में जीत पर धन्यवाद रैली की। उन्होंने कहा- मैं दिल्ली से आप लोगों का शुक्रिया अदा करने आया हूं। आप लोगों ने ऐतिहासिक काम किया है। आपने नई किस्म की राजनीति का बीज बोया है।
केजरीवाल ने कहा- मोदी जी कहते हैं केजरीवाल फ्री की रेवड़ी दे रहा है, लेकिन केजरीवाल पुण्य कमा रहा है। मरने के बाद यही काम आएगा। आप अपने एक दोस्त की सेवा करते हो, मैं 3 करोड़ लोगों की सेवा करता हूं।
उन्होंने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करवा दिया, ताकि स्कूल खराब हो जाएं। सतेंद्र जैन को गिरफ्तार करा दिया, ताकि अस्पताल खराब हो जाएं। केजरीवाल को गिरफ्तार करवा दिया, जिसने ये सारे काम किए। हमने आप लोगों का प्यार और आशीर्वाद कमाया है, इसलिए मोदी जी की नहीं चली, हम छूट गए।
पहले केजरीवाल की यह रैली पहले 10 अक्टूबर को होनी थी। हालांकि, आचार संहिता के कारण रैली स्थगित करनी पड़ी थी। 8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। इसमें मेहराज मलिक की जीत के बाद केजरीवाल ने उन्हें वीडियो कॉल पर बधाई दी थी। मलिक ने केजरीवाल को डोडा आने का न्योता दिया था।
न आने के लिए वीडियो जारी कर माफी मांगी
AAP ने 10 अक्टूबर को X पर केजरीवाल का एक वीडियो जारी किया, जिसमें पूर्व सीएम ने कहा- मैं आप सबके बीच आज आने वाला था। इसके लिए कल ही (9 अक्टूबर) पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ एयरपोर्ट के लिए निकल भी गया था।
वहां पता चला कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के चलते हम जम्मू-कश्मीर नहीं जा सकते। अब मैं रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ आप लोगों के बीच आऊंगा और व्यक्तिगत तौर पर आपसे मिलूंगा। आज न आने के लिए मैं माफी चाहता हूं, ये मेरे बस के बाहर था।
जम्मू-कश्मीर 5वां राज्य जहां AAP का विधायक
मेहराज मलिक ने 2024 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गजय सिंह राणा को 4,000 से ज्यादा वोटों से हराया है। मलिक की जीत के बाद जम्मू-कश्मीर 5वां ऐसा राज्य बन गया, जहां AAP ने खाता खोला है। इससे पहले पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, गुजरात, और गोवा में भी सफलता हासिल की थी। दिल्ली और पंजाब में पार्टी सरकार चला रही है, जबकि गुजरात में 5 और गोवा में 2 विधायक हैं।
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने 49 सीटों पर जीत दर्ज की थी। गठबंधन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को सबसे ज्यादा 42, कांग्रेस को 6 और CPI(M) को एक सीट मिली।
इसके बाद 10 अक्टूबर को चार निर्दलीय विधायकों और 11 अक्टूबर को AAP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को समर्थन का ऐलान किया था। वहीं, भाजपा ने 29 सीटों पर जीत हासिल की। हालांकि, जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना नौशेरा सीट से हार गए।
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पार्टी PDP ने 3 सीटें जीतीं। पिछले चुनाव में पार्टी को 28 सीटें मिली थीं। पहली बार चुनाव लड़ रहीं महबूबा की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीगुफवारा बिजबेहरा सीट से करीब 9 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं। जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 3 फेज में 63.88% वोटिंग हुई थी।


