हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में रविवार दोपहर को बर्फबारी हुई। यहां के ऊंचाई वाले इलाकों में इसका असर रहा। राज्य के पहाड़ी वाले जिलों में बर्फबारी का असर रहेगा। हिमाचल के अलावा जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी की संभावना है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में आज बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की संभावना है। राजस्थान में 31 मार्च तक बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। आज चंडीगढ़ में भी बारिश हुई है।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर, रायबरेली और अमेठी में शनिवार को ओले गिरे। प्रयागराज और वाराणसी में बारिश हुई। प्रतापगढ़ में आंधी से एक पोल उखड़कर खड़ी कार पर जा गिरा।
मध्य प्रदेश में 29 मार्च से आंधी-बारिश का एक मजबूत सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है। इसका असर करीब 3 दिन तक रहेगा। भोपाल, उज्जैन समेत 40 जिलों में अलर्ट है।
बिहार के पटना समेत 5 जिलों में शनिवार को आंधी-बारिश हुई। उधर, जम्मू-कश्मीर में बांदीपोरा के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। बांदीपोरा-गुरेज सड़क को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
30-31 मार्च- मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में बिजली गिरने की आशंका है। 31 मार्च को बंगाल, सिक्किम और बिहार में आंधी आने की संभावना है।
राजस्थान में 31 मार्च तक बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को 4 जिलों में ओले गिरने का भी अलर्ट है। बीकानेर संभाग के इलाकों में शनिवार दोपहर बाद बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चली। कोटा, जयपुर में दिन में तेज धूप रही।मध्य प्रदेश में रविवार से अगले 4 दिन तक आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ की वजह से ऐसा होगा। इस दौरान ग्वालियर और चंबल संभाग में ओले भी गिर सकते हैं।


