जम्मू-कश्मीर की भद्रवाह घाटी में लंबे इंतजार के बाद इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पटनीटॉप, नथाटॉप, सनासर और बटोटे में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हिमाचल में बर्फबारी से तापमान और गिर गया है। यहां कुसुमकेरी का तापमान माइनस 7°C रहा।
हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी के कारण 1291 सड़कें बंद हैं। बर्फ हटाने के लिए 385 मशीनें लगाई हैं। हिमाचल और कश्मीर में 1300 से ज्यादा सड़कों पर से बर्फ हटाने का काम लगातार जारी है।
उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि यहां 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। तापमान में 5-6°C तक की गिरावट आने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी को प्रदेश के 7 जिलों में पाला पड़ने की चेतावनी दी है। वहीं, पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 0.8°C रहा।
रक्षा मंत्रालय के डिफेंस जियोमैट्रिक्स रिसर्च एस्टैबलिशमेंट (DGRE) ने उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण पांच जिलों के लिए अगले 24 घंटे में हिमस्खलन का हाई अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बारिश के बाद हवा में सुधार हुआ। हालांकि मौसम में बदलाव से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी दी। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर मौसम सामान्य रहा। मंडी जिले के पंडोह में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबा जिले के जोत में 7 सेमी और लाहौल और स्पीति जिले के केलांग 1 सेमी बर्फबारी हुई।
IMD ने आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी, ओलावृष्टि, घना कोहरा, बिजली गिरने के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना का भी पूर्वानुमान लगाया है।
रविवार को राजस्थान में बर्फीली उत्तरी हवाएं चलीं, जिसमें राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान नागौर में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर में रविवार सुबह 5.6 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 26-27 जनवरी के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके कारण पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में कुछ जगहों पर बारिश होने की उम्मीद है।


