फरीदाबाद । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिला फरीदाबाद में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अभियान को पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उन सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं, जिन्होंने निर्धारित समयावधि में अपना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। इस अवसर पर कहा गया कि इन अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और मेहनत विशेष रूप से सराहनीय है। उनके उत्कृष्ट कार्य ने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है और प्रत्येक बीएलओ इस प्रक्रिया की सबसे अहम कड़ी है। उन्होंने कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका समर्पण अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शेष बीएलओ से भी आह्वान किया कि वे इसी उत्साह, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें, ताकि जिले में मतदाता सूची का पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।
