स्पाइसजेट की एक फ्लाइट की बुधवार रात को हैदराबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। केबिन और कॉकपिट में धुआं दिखने के बाद यह फैसला लिया गया। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को अलर्ट किया। इसके बाद ग्राउंट स्टाफ को अलर्ट किया गया और सुरक्षित लैंडिंग की।
DGCA ने बताया कि स्पाइसजेट का Q400 विमान गोवा से हैदराबाद आ रहा था। विमान में 86 यात्री सवार थे। राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग के बाद इमरजेंसी गेट से यात्रियों को नीचे उतारा गया। इस दौरान एक पैसेंजर के पैर में खरोंच आई। इस मामले को लेकर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आपात लैंडिंग के कारण बुधवार रात करीब 11 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट नौ उड़ानों को डायवर्ट किया गया। इनमें घरेलू उड़ान, अंतरराष्ट्रीय और कार्गो फ्लाइट शामिल थी।
एक यात्री ने लैंडिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। कैप्शन में लिखा है- नागपुर से फ्लाइट में धुंआ भरना शुरू हो गया। 20 मिनट तक सभी यात्री डरे सहमे रहे। सौभाग्य की बात है कि हम जीवित और सुरक्षित उतर गए, लेकिन अगर कुछ होता तो कौन जिम्मेदार होता।
स्पाइसजेट के कई विमानों में उड़ान के दौरान हादसे होने के बाद इस साल 27 जुलाई को डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने स्पाइसजेट को आदेश दिया था कि अगले आठ हफ्ते तक अपने फ्लीट की सिर्फ 50% फ्लाइट्स पर ऑपरेट करे। तब से एयरलाइन आर्थिक रूप से संघर्ष कर रही है। इन आठ हफ्तों की समय सीमा खत्म होने से पहले ही पिछले महीने DGCA ने नया आदेश जारी कर प्रतिबंध को 29 अक्टूबर तक आगे बढ़ा दिया।

