फरीदाबाद, 22 अक्टूबर। विधायक राजेश नागर ने गांव जसाना में कबड्डी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इसमें अनेक टीमों ने भागीदारी कर वाहवाही प्राप्त की। इस अवसर पर बॉलिवाल एवं घोड़ी डांस की भी प्रतियोगिताएं हुईं। मुख्य अतिथि राजेश नागर का प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। नागर ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका हौंसला भी बढ़ाया। इस अवसर पर नागर ने कहा कि खेल से हमारा शरीर तो स्वस्थ्य होता ही है साथ में हमारा मन भी अच्छा रहता है। खेल खेलने वाले व्यक्ति को जीवन की कठिनाइयों का सामना करना आ जाता है।
उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी अपने जीवन को सुनियोजित और स्वस्थ रूप में जीता है। राजेश नागर ने कहा कि आज खेलों के क्षेत्र में भारत और हरियाणा का नाम बढ़ रहा है। इसके लिए हमारे देश और प्रदेश की नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है। हमारी मनोहर सरकार पूरे देश में सबसे ज्यादा इनाम देने वाली राज्य सरकार है वहीं हमारी सरकार ने खिलाडिय़ों की नौकरी के लिए भी पॉलिसी बनाई है। जिससे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को अहर्ताओं में छूट देकर सरकारी नौकरी पाना आसान हो गया है। नागर ने कहा कि आज के युवा को मोबाइल टीवी की स्क्रीन से हटकर खेलों के मैदान पर अपना समय बिताना चाहिए। इसमें स्वयं का, परिवार का और देश प्रदेश की भी भलाई है।

