ईरान-इजराइल जंग के बीच भारत में LPG सिलेंडर की किल्लत बनी हुई है। इसी बीच केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि राज्यों को 10% ज्यादा LPG कोटा देने का ऑफर दिया गया है। साथ ही राज्यों से धीरे-धीरे LPG की जगह PNG अपनाने में मदद करने को कहा गया है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की अधिकारी सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू LPG उत्पादन 40% बढ़ा है लेकिन हालात पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। LPG की दिक्कत अभी भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग बेहतर हुई है लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर के यहां अभी भी लंबी लाइनें लग रही हैं।
वहीं कच्चे तेल-गैस की सप्लाई को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद भवन में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ बैठक की। इसमें कच्चे तेल और गैस की उपलब्धता, उनके इम्पोर्ट और संभावित संकट से निपटने की रणनीति पर चर्चा की गई।
करीब 2 घंटे चली बैठक में सरकार ने अपने आपातकालीन तेल भंडार (SPR) की भी समीक्षा की है। जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक देश के पास कुछ हफ्तों का तेल स्टॉक मौजूद है, जिससे फिलहाल संकट की संभावना कम है।
दरअसल होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से दुनियाभर में तेल सप्लाई पर असर पड़ा है। हालांकि युद्ध के माहौल में भारत के तीन जहाज शिवालिक, नंदा देवी और जग लाडकी तेल-गैस लेकर गुजरात के पोर्ट्स पर पहुंचे हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय की अधिकारी ने बताया कि आज 93% LPG बुकिंग ऑनलाइन हुई है। सरकार ने लोगों से कहा है कि एजेंसी पर जाने से बचें और सिर्फ आधिकारिक ऐप या वेबसाइट से ही बुकिंग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार सख्ती कर रही है। इसी के तहत मंगलवार को देशभर में 2300 से ज्यादा LPG दुकानों पर अचानक जांच की गई।
अधिकारी ने बताया कि सरकार ने लोगों से अपील की है कि जहां PNG सुविधा है, वहां LPG की जगह PNG अपनाएं, इससे सप्लाई का दबाव कम होगा और यह ज्यादा सुरक्षित भी है।
उन्होंने बताया कि LPG कैरिअर नंदादेवी और शिवालिक से LPG डिस्चार्ज चल रहा है। किसी भी पोर्ट पर कोई कंजेक्शन नहीं है। मंत्रालय पूरे हालात की निगरानी कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि 15 राज्यों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी है और पिछले 4 दिनों में करीब 7200 टन गैस दी गई है। सरकार का कहना है कि देश में तेल और गैस का पर्याप्त स्टॉक है।
सरकार ने बताया कि हवाई जहाज के ईंधन (ATF) की भी कमी नहीं है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें अभी नहीं बढ़ाई गई हैं, जिससे आम लोगों को राहत है।


