फरीदाबाद। शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से हुए हादसे में मारे गए हरियाणा पुलिस के जवान व करीब दर्जनभर लोगों के जख्मी होने की घटना के बाद रविवार को सूरजकुंड मेले के नौवें दिन की शुरुआत शोक और श्रद्धांजलि के माहौल में हुई। सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान लोगों की जान बचाते हुए शहीद हुए पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की आत्मिक शांति के लिए बड़ी चौपाल पर हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों सहित पर्यटकों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने दिवंगत जगदीश प्रसाद के अदम्य साहस की जमकर प्रशंसा की।
जगदीश प्रसाद ने जिस जज्बे से अपनी जान की परवाह न करते हुए लोगों की जान बचाने को तवज्जो दी, उसके लिए सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डा. अरविंद शर्मा, एमडी हरियाणा पर्यटन निगम डा. पार्थ गुप्ता, उपायुक्त फरीदाबाद आयुष सिन्हा सहित कई हरियाणा सरकार के मंत्रियों और अन्य अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई हैं। हरियाणा सरकार ने घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।


