गुजरात के सूरत में एक मकान में मंगलवार दोपहर को आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शहर के लिंबायत इलाके का यह मकान एक व्यापारी का है, जिसमें करीब 8 टन साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था। इससे घर में पैदल चलने तक की जगह नहीं बची थी। इसी के चलते आग इतनी तेजी से भड़की। किसी को बचने का मौका नहीं मिला।
मरने वालों में 4 साल का बच्चा भी
मरने वालों में एक बच्चे समेत 4 महिलाएं शामिल हैं। इनके नाम- शाहनाज बेगम अंसारी (उम्र 65 वर्ष), हुसा बेगम अंसारी (उम्र 18 वर्ष), शबीन अंसारी (उम्र 28), परवीन अंसारी (उम्र 19) और शुभान अंसारी (उम्र 4) शामिल हैं।
अहमदाबाद के नारणपुरा इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से घर में मौजूद पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। धमाका इतना जोरदार था कि इमारत का लोहे का दरवाजा भी टूटकर सामने वाली दीवार से जा टकराया। इसके साथ ही पास की दो अन्य बिल्डिंगों की खिड़कियां भी टूट गईं।
गुजरात के सूरत शहर में सोमवार-मंगलवार की रात पति-पत्नी और बेटे की नींद में ही मौत हो गई थी। प्राथमिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला है कि तीनों की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से हुई थी। पुलिस की जांच में भी सामने आया है कि घर में लगा गीजर रात भर से चालू था।


