तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और केंद्र सरकार के बीच नई शिक्षा नीति और ट्रायलैंग्वेज को लेकर विवाद चल रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी रविवार को रामेश्वरम पहुंचे। इस दौरान CM स्टालिन उन्हें रिसीव करने नहीं पहुंचे।
PM मोदी ने रामेश्वरम में एशिया के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज और और अन्य योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। जनसभा के दौरान उन्होंने भाषा विवाद का जिक्र किए बिना DMK नेताओं और CM एमके स्टालिन को नसीहत दे दी। PM ने कहा- मैं राज्य सरकार से मांग करता हूं कि वे डॉक्टरी की पढ़ाई तमिल भाषा में कराएं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के कई नेताओं की चिटि्ठयां मेरे पास आती हैं। आश्चर्य की बात है कि कोई नेता तमिल में सिग्नेचर नहीं करता। तमिल का गौरव बने, इसलिए इन लोगों को स्थानीय भाषा में सिग्नेचर करना चाहिए।
DMK सरकार हिंदी को लागू नहीं करना चाहती
तमिलनाडु सरकार पिछले दो महीने से नई शिक्षा नीति के तहत राज्य में ट्राय लैंग्वेज पॉलिसी लागू करने का विरोध कर रही है। पॉलिसी के तहत तमिल, अंग्रेजी के अलावा हिंदी को भी शिक्षा के माध्यम में शामिल करने का प्रस्ताव है। DMK चीफ और CM स्टालिन इसका विरोध कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने रामेश्वरम मंदिर में दर्शन किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रामनवमी पर तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित रामनाथ स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री 3 दिन के श्रीलंका दौरे से सीधे रामेश्वरम पहुंचे। श्रीलंका से लौटते हुए मोदी ने विमान से रामसेतु देखा। उन्होंने इसका वीडियो भी पोस्ट किया है। मोदी ने लिखा-
मोदी पिछले साल भी रामेश्वरम आए थे। यहां अग्नि तीर्थम पर डुबकी लगाने के बाद रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा की थी। इस दौरान उन्होंने रामायण पाठ और भजन संध्या में भी हिस्सा लिया था।
मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले भगवान राम से जुड़े उन सभी मंदिरों में दर्शन किया था, जिनका रामायण में जिक्र है। इसी कारण से वे रामनाथस्वामी मंदिर आए थे।
आज भाजपा का स्थापना दिवस, मेरे लिए भावुक पल: मोदी
पीएम ने कहा- आज भी देखिए कितना सुखद संयोग है। रामनवमी का पवित्र दिन है, रामेश्वरम की धरती है। यहां पर पम्बन ब्रिज का उद्घाटन हुआ। 100 साल पहले जिसने यह ब्रिज बनाया, वह गुजरात में पैदा हुआ था। आज नए ब्रिज का जिसने उद्घाटन किया उसका जन्म भी गुजरात में हुआ है।
साथियों, आज जब राम नवमी है। रामेश्वर की पवित्र भूमि है। तब मेरे लिए भावुक पल भी है। आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। विकसित और समृद्ध भारत का जो लक्ष्य हम लेकर चल रहे हैं, उसमें एक-एक कार्यकर्ता का काम है। तीन-चार पीढ़ियां इसमें खप गई हैं। भाजपा के इस विचार ने आज हमें ये काम करने का मौका दिया है।
आज के देश के लोग भाजपा सरकार में गुड गवर्नेंस देख रहे हैं। आज हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो रहा है। साथियों, देश के हर राज्य, हर कोने में भाजपा कार्यकर्ता जिस तरह जमीन से जुड़कर काम करते हैं। गरीबों की सेवा करते हैं। उसे देखकर मुझे गर्व होता है। मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं। उनका आभार व्यक्त करता हूं।
मैं एक बार फिर तमिलनाडु के सभी भाई-बहनों को डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए बधाई देता हूं। भारत माता की जय…

