तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने सोमवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। गोशामहल विधायक टी राजा ने पूर्व एमएलसी रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बनाने की खबरों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी।
टी. राजा ने भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने लिखा कि बहुत सारे लोग चुप हैं, इसे उनकी सहमति न समझा जाए। यह लाखों कार्यकर्ताओं के लिए सदमे जैसा है। टी राजा ने केंद्री नेतृत्व से अपील की कि वे अपने फैसले पर दोबारा विचार करें।
तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए आज नामांकन किया जा रहा है। रामचंदर ने समर्थकों के साथ नामांकन किया है। दूसरे किसी नेता ने अब तक नामांकन नहीं किया है। ऐसे में एक जुलाई को अध्यक्ष के तौर पर रामचंदर के नाम का ऐलान किए जाने की संभावना है।
उधर, रामचंदर के नाम पर नाराजगी जाहिर कर रहे टी राजा को 2022 में पार्टी से निलंबित किया जा चुका है। निलंबन अक्टूबर 2023 में वापस ले लिया गया था। वे तीन बार गोशामहल से विधायक चुने गए हैं। टी. राजा सिंह पर 105 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 18 सांप्रदायिक अपराधों से जुड़े हैं।
विवादित बयानों के लिए मशहूर रहे हैं टी राजा
2022 में पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी: टी. राजा सिंह ने एक वीडियो में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद हैदराबाद में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। इसके परिणामस्वरूप, उन्हें 23 अगस्त 2022 को गिरफ्तार किया गया और भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। हालांकि, उसी दिन उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन 25 अगस्त को फिर से गिरफ्तार किया गया क्योंकि उन्होंने जमानत की शर्तों का उल्लंघन करते हुए एक और विवादित वीडियो जारी किया था।
2023 में राम नवमी रैली में बयान: टी. राजा सिंह ने हैदराबाद में राम नवमी रैली के दौरान विवादित बयान दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि यदि भारत हिंदू राष्ट्र बना तो केवल दो बच्चों की नीति का पालन करने वालों को वोट देने का अधिकार होगा। इस बयान के लिए उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया।
2023 में हिंदुत्व पर बयान: सितंबर 2023 में, टी. राजा सिंह ने एक भाषण में कहा कि जो कोई हिंदुत्व की ओर आंख उठाकर देखेगा, उसकी “गर्दन काट दी जाएगी।” इस बयान ने फिर से विवाद को जन्म दिया।
2024 में धार, मध्य प्रदेश में भाषण: जुलाई 2024 में, धार में एक सभा में टी. राजा सिंह ने मुस्लिम पूजा स्थलों को निशाना बनाने और मुस्लिम विरोधी षड्यंत्र सिद्धांतों को बढ़ावा देने वाला भाषण दिया, जिसे हिंसा भड़काने वाला माना गया।
2024 में जनसंख्या और हिंदू प्रधानमंत्री पर बयान: दिसंबर 2024 में, टी. राजा सिंह ने कहा कि यदि “जिहादियों” की आबादी बढ़ती रही तो भारत में कोई हिंदू प्रधानमंत्री नहीं होगा। इस बयान ने भी काफी विवाद खड़ा किया।
सोशल मीडिया पर नफरत भरे भाषण: फरवरी 2025 में, इंडिया हेट लैब की एक रिपोर्ट के बाद मेटा ने टी. राजा सिंह से जुड़े दो फेसबुक ग्रुप और तीन इंस्टाग्राम अकाउंट्स को हटा दिया, क्योंकि उन्होंने 32 नफरत भरे भाषण दिए थे, जिनमें से 22 में हिंसा भड़काने की बात थी।


