दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गुरुवार शाम करीब 8 बजे 17 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इससे इलाके में तनाव है। परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर चक्काजाम करके प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मुस्लिम लड़कों ने पुरानी रंजिश में हत्या की है।
उधर, सीलमपुर में रहने वाले परिवारों ने घरों के बाहर हिंदू पलायन के पोस्टर लगाए हैं। PM मोदी और CM योगी से मदद की गुहार लगाई है। इन पोस्टर्स पर लिखा है, ‘हिंदू पलायन कर रहा है, योगी जी मदद करो। यह मकान बिकाऊ है, हिंदू खतरे में है।’
पीड़ित ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह जे ब्लॉक, न्यू सीलमपुर का रहने वाला था। सीलमपुर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है। हमलावर की तलाश में कई टीमें लगी हैं। पुलिस ने कहा- फिलहाल वारदात की वजह साफ नहीं है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है।
CM बोलीं- परिवार को न्याय मिलेगा, आतिशी ने कहा- दिल्ली पुलिस क्या कर रही
CM रेखा गुप्ता: मैंने 17 साल के युवक की हत्या पर पुलिस कमिश्नर से बात की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस काम पर लगी हुई है। परिवार के साथ न्याय होगा। कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
पूर्व CM आतिशी: सीलमपुर में 17 साल के युवक की हत्या दिल्ली में बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था का एक और उदाहरण है। दिल्ली पुलिस क्या कर रही है। गृह मंत्री और डबल इंजन की सरकार क्या रही है।
सांसद मनोज तिवारी: सीलमपुर में 17 साल के दलित युवक की हत्या अत्यंत चिंताजनक है। लोगों में नाराजगी होना स्वाभाविक है। मैं रात से ही पुलिस अधिकारियों से संपर्क में हूं। अपराधी कहीं भी छुपने की कोशिश करें, जल्द ही गिरफ्तार होंगे और कड़ी सजा मिलेगी। मैं दोपहर 2:30 बजे घटनास्थल पर पहुंच रहा हूं।
पुलिस ने कहा- आरोपी की तलाश जारी, जल्द पकड़ेंगे
एडिशनल DCP (नॉर्थ ईस्ट) संदीप लांबा ने कहा- हम जगह-जगह तलाश कर रहे हैं। आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। जांच चल रही है। रात 11 बजे से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। डिफेंस कॉलोनी समेत कई जगहों पर बैरिकेड लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। कॉन्स्टेबल से लेकर कमिश्नर तक सड़क पर उतरकर चेकिंग कर रहे हैं।


