आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े UP में सहारनपुर के मोहम्मद नदीम और फतेहपुर के हबीबुल ने देश के 5 राज्यों में नेटवर्क फैला लिया था। 12 दिन की रिमांड के पहले दिन की पूछताछ में आतंकियों के नेटवर्क के क्लू ATS को मिले हैं। पूछताछ में ATS अफसरों से हबीबुल ने कहा- “देश में गैर इस्लामी लोगों को रहने का कोई अधिकार नहीं। खासकर नूपुर शर्मा जैसे लोगों को।” हबीबुल और नदीम के मंसूबों को जानकर ATS चौकन्ना हो गई है।
10 पॉइंट्स पर ATS हेडक्वार्टर में हो रही पूछताछ
जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नदीम और उसके साथी हबीबुल के साथ सबाउद्दीन को ATS ने बुधवार सुबह 11 बजे रिमांड कस्टडी पर लिया। ATS इनसे 10 पॉइंट्स पर पूछताछ कर रही है। सोर्स के मुताबिक, उन्हें अलग-अलग कमरों में रखा गया है। पूछताछ में उन्होंने खुलकर धर्म के खिलाफ बोलने वालों पर फिदायीन हमले के फैक्ट कबूल किए हैं।
UP से गुजरात तक नेटवर्क, 8 साथियों की तलाश
पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आतंकियों का UP के साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू-कश्मीर तक नेटवर्क है। यहां के लोगों से लगातार टच में हैं। इनमें 8 ऐसे लोग सामने आए हैं, जो लगातार फोन और ऑनलाइन नेटवर्क से इनके संपर्क में थे। इनकी धरपकड़ के लिए UP ATS अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद ले रही है।
साइबर एक्सपर्ट तोड़ेंगे ऑनलाइन नेटवर्क
ATS की साइबर एक्सपर्ट की टीम जैश-ए-मोहम्मद के UP में फैले नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है। ATS हबीबुल और नदीम के ऑनलाइन नेटवर्क का खुलासा कर उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


