कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को बताया कि 5 दिसंबर को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए आयोजित डिनर में शामिल हुआ था। वहां का माहौल बहुत अच्छा और दिलचस्प था। रूसी डेलिगेशन के साथ बातचीत करके मजा आ गया।
थरूर ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। इस डिनर में लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को न्योता नहीं मिला था।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने थरूर के डिनर में जाने पर सवाल उठाए। खेड़ा ने कहा कि बड़े नेताओं को न बुलाया जाए और थरूर को बुलाया जाए तो यह खेल समझना चाहिए। थरूर ने कहा कि विदेश मामलों की कमेटी चेयरमैन होने के नाते न्योता मिला और वे जरूर जाएंगे।
पुतिन गुरुवार शाम भारत के दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे थे। पहले दिन पीएम आवास पर व्लादिमीर पुतिन के लिए डिनर आयोजित किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। शाम को राष्ट्रपति भवन में डिनर के बाद पुतिन मॉस्को लौट गए। राहुल ने कहा था कि परंपरा तोड़कर विपक्ष को पुतिन से मिलने नहीं दिया जा रहा।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने X पर पोस्ट में कन्फर्म किया था कि नेता विपक्ष राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को न्योता नहीं मिला था। उन्होंने लिखा था इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता और राज्यसभा में विपक्ष के नेता को राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में आज रात के ऑफिशियल डिनर के लिए बुलाया गया है। दोनों LoPs को नहीं बुलाया गया है।
पुतिन के लिए आयोजित खाने का मेन्यू पूरी तरह से भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों से सजा था। डिनर की शुरुआत दक्षिण भारतीय मुरुंगेकाई चारू (रसम) सूप से हुई। इसके बाद स्टार्टर में कश्मीरी गुछी दून चेटिन (कश्मीरी अखरोट की चटनी के साथ भरे हुए मशरूम), काले चने के शिकमपुरी कबाब और वेज झोल मोमोज परोसे गए।
मेन कोर्स में पुतिन को वेज थाली परोसी गई, जिसमें जाफरानी पनीर रोल, पालक-मेथी-मटर साग के साथ कई किस्म की रोटियां शामिल थी। मीठे में हलवा, कुल्फी और संदेश सर्व किए गए। वहीं, मोदी ने पुतिन को चांदी का घोड़ा, मार्बल चेस समेत 6 खास गिफ्ट दिए।
डिनर में भारतीय भोजन के साथ शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी गई। राष्ट्रपति भवन की नौसेना बैंड और शास्त्रीय वादकों के ग्रुप ने राग अमृतवर्षिणी, खमाज, यमन, शिवरंजिनी, नलिनकांति, भैरवी का प्रदर्शन किया।
इसके साथ रूस की मशहूर धुन ‘कालिंका’, चैकोव्स्की की नटक्रैकर सूट के पार्ट प्रस्तुत किए गए। पुतिन ने भोज के दौरान ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ गाना भी सुना। इसके बाद पुतिन रूस के लिए रवाना हुए।


