कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प की न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी के साथ व्हाइट हाउस में हुई मीटिंग की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान एक-दूसरे पर तीखे हमले करने के बावजूद डेमोक्रेटिक भावना को बनाए रखा गया।
दोनों अमेरिकी नेताओं का एक वीडियो शेयर करते हुए थरूर ने X पर लिखा- चुनाव में सभी पार्टियां अपनी-अपनी विचारधार के साथ जोश से लड़ें, बिना किसी रोक-टोक के। लेकिन एक बार जब चुनाव खत्म हो जाए तो देश के हित के लिए एक-दूसरे के साथ सहयोग करना सीखें। मैं भारत में भी ऐसा ही देखना चाहता हूं।
भाजपा थरूर के इस बयान की तारीफ कर रही है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि थरूर ने पोस्ट के जरिए अपनी पार्टी के नेताओं को याद दिलाया है कि वे गांधी परिवार के बजाय देश को पहले रखें।
8 नवंबर को लाल कृष्ण आडवाणी का 98वां जन्मदिन था। थरूर ने X पर आडवाणी के साथ वाली अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थी।
उन्होंने लिखा- लालकृष्ण आडवाणी जी को उनके 98वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, उनकी विनम्रता और शालीनता और आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका अमिट है। एक सच्चे राजनेता, जिनका सेवामय जीवन अनुकरणीय रहा है।थरूर ने 3 नवंबर को भारत की वंशवादी राजनीति की आलोचना की। उन्होंने ने एक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन प्रोजेक्ट सिंडिकेट में लिखे अपने लेख में कहा- भारत में राजनीति फैमिली बिजनेस बन गई है। जब तक राजनीति परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती रहेगी, तब तक लोकतांत्रिक सरकार का असली मतलब पूरा नहीं हो सकेगा।


