हरियाणा के सोनीपत में शादी से इनकार करने पर एक युवती ने युवक के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। युवक की हालत गंभीर है और उसका एक निजी अस्पताल की ICU में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी युवती की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह वारदात सोनीपत शहर के मयूर विहार में हुई है।
शादी के लिए दबाव डाल रही थी युवती
मयूर विहार के युवक श्याम की गांव बिधल की एक युवती के साथ दोस्ती थी। युवती उस पर अब शादी का दबाव डाल रही थी। युवक ने इसको लेकर परिजनों से बात की, लेकिन वे राजी नहीं हुए। इस बारे में युवती को पता चला तो वह गुस्सा उठी। इसके बाद युवक श्याम की बुआ से शादी को लेकर बात की तो वह भी नहीं मानी। असल में श्याम के माता-पिता की मौत हो चुकी है और बुआ ही उसका लालन पालन कर रही थी।
युवक की हालत गंभीर, पुलिस युवती की तलाश में
शादी से इंकार के बाद बिधल गांव की युवती अंजली ने युवक श्याम पर तेजाब डाल दिया। इससे वह बुरी तरह से झ़ुलस गया और उसे पहले सिविल अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। साथ ही वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस छानबीन कर रही है। य़वक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।


