प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले के कटवा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और बांग्लादेश सीमा से सटे दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और CM ममता बनर्जी पर निशाना साधा।
PM ने कहा- आजादी के बाद से, बंगाल को चुनौती देने की हिम्मत करने वाले हर व्यक्ति का अहंकार चकनाचूर हो गया है। पहले अंग्रेजों का, फिर कांग्रेस का, और अंत में वामपंथियों का अहंकार भी चकनाचूर हो गया। अब बंगाल की जनता टीएमसी के अहंकार को चकनाचूर कर देगी।
CM ममता ने भी झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के केशियारी में रैली की। इस दौरान ममता ने कहा- भाजपा बंगाल विरोधी है, उन्हें अपने घर में घुसने मत दीजिए। ममता ने दावा किया कि भाजपा ने दो झूठे हलफनामे दाखिल कर भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश की।
बंगाल के पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भाजपा ने तय किया है कि जैसे ही हमारी सरकार बनेगी, हम कुर्माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करेंगे। राजबंशी और कुर्माली दोनों भाषाएं बंगाल, असम और झारखंड की प्रमुख भाषाएं हैं, और इन्हें आठवीं अनुसूची में शामिल करने का काम भाजपा सरकार करेगी।
बंगाल के केशियारी में मुख्यमंत्री ममता ने चुनावी रैली के दौरान कहा- भवानीपुर से मेरी उम्मीदवारी रद्द करने के लिए दो झूठे हलफनामे दायर किए गए थे। वे ऐसा नहीं कर सके, लेकिन सोचिए अगर वे मेरे खिलाफ ऐसा कर सकते हैं, तो दूसरों के खिलाफ क्या-क्या कर सकते हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बांकुरा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने ममता और TMC की जनकर आलोचना की। शाह की स्पीच की 5 बड़ी बातें पढ़िए-
आरजी कर की घटना ने पूरी दुनिया की नजरों में बंगाल को कलंकित कर दिया है। सालों से टीएमसी के गुंडे संदेशखाली में महिलाओं का शोषण करते रहे। ये घुसपैठिए महिलाओं का शोषण करते रहे, लेकिन ममता बनर्जी ने आंखें मूंद लीं और चुपचाप बैठी रहीं।
ममता दीदी विक्टिम कार्ड खेलती हैं। कभी अपने पैर पर नकली पट्टी बांध लेती हैं, कभी सिर पर। ममता दीदी, आप जहां चाहें अपने पैर, हाथ या सिर पर पट्टी बांध लें, लेकिन बंगाल की जनता आपको वोट नहीं देगी।
पिछले कुछ सालों में भाजपा के 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। 5 मई के बाद जब भाजपा की सरकार बनेगी, तो हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या के जिम्मेदार लोगों को जेल के पीछे डाला जाएगा।
बंगाल के गरीबों के लिए आने वाला पैसा छीनकर टीएमसी के गुंडों के घरों में भेजा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के लिए करोड़ों रुपए भेजे हैं। क्या वह आपके गांवों तक पहुंचे हैं?
गंधेश्वरी नदी पर बना पुल हर मानसून में डूब जाता है, लेकिन ममता दीदी पर इसका कोई असर नहीं पड़ता। ममता दीदी हिरक रानी हैं। इस हिरक रानी को 23 अप्रैल को कमल के बटन को दबाकर हटाना है और पूरी तरह उखाड़ फेंकना है।


