दिल्ली में लाल किले के पास कार विस्फोट के एक दिन बाद मंगलवार को एलएनजेपी अस्पताल का दृश्य दिल दहला देने वाला था। विस्फोट में मारे गए 8 लोगों के शव परिजन को सौंपे गए। इनमें टैक्सी ड्राइवर, बस कंडक्टर और दुकानदार शामिल हैं।
शव इतने बुरी हालत में थे कि आसानी से उनकी पहचान भी नहीं हो सकी। ऐसा ही एक शव 34-वर्षीय व्यवसायी अमर कटारिया का था। उन्होंने अपने हाथ में ‘मॉम माय फर्स्ट लव’ और ‘डैड माय स्ट्रेंथ’ लिखा था, इसी टैटू की वजह से उनका शव पहचाना गया।
वहीं, 35 वर्षीय मोहम्मद जुनमान ई-रिक्शा चलाते थे। उनका फोन रातभर बंद था, परिवार उन्हें खोजता रहा। चाचा इदरीस ने जुनमान की नीली शर्ट और जैकेट देखकर कहा- ये मेरा मोहम्मद है। उन्होंने बताया कि जुनमान की पत्नी दिव्यांग हैं और 3 बच्चे अब अनाथ हो गए हैं।
22 वर्षीय नौमान अंसारी यूपी के शामली से अपनी कॉस्मेटिक्स दुकान के लिए सामान खरीदने दिल्ली आया था। विस्फोट ने उनकी भी जान ले ली। उनका चचेरा भाई अमन भी घायल है। नौमान परिवार में एकमात्र कमाने वाले थे। उनके बड़े भाई की किडनी फेलियर के कारण वे घर पर ही थे।
उत्तर-प्रदेश के मेरठ के रहने वाले 35 साल के मोहसिन बेहतर जीवन की तलाश में दिल्ली आए थे। उनकी मौत के बाद परिवार में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हुआ- पत्नी सुल्ताना चाहती थीं कि उन्हें दिल्ली में दफनाया जाए, जबकि परिवार मेरठ ले जाना चाहता था। अंततः पुलिस की मदद से मेरठ में अंतिम संस्कार हुआ।
34-वर्षीय व्यवसायी अमर कटारिया सोमवार शाम मेट्रो पकड़ने जा रहे थे, तभी विस्फोट का शिकार हो गए। अमर के हाथ पर टैटू था जिसमें ‘मॉम माय फर्स्ट लव’ और ‘डैड माय स्ट्रेंथ’ और ‘कृति’ लिखा था। इस पर पिता को गर्व था। पिता जगदीश कटारिया ने बताया कि अस्पताल से फोन आया ‘मॉम माय फर्स्ट लव’ टैटू वाला आपका क्या लगता है? जाकर देखा तो वह मेरा बेटा था।
22 वर्षीय पंकज ने 12वीं तक पढ़ाई के बाद मीशो में काम शुरू किया था, जहां बाद में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस था, इसलिए कैब चलाना शुरू कर दिया। वह सोमवार शाम पड़ोसी को छोड़ने लाल किला गया था। पंकज के साले निकेश कुमार ने बताया कि मुझे ब्लास्ट की खबर मिली तो मैंने कई बार पंकज को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मैं उन्हें ढूंढने निकला तो हादसे का पता चला। वहां पंकज की कार आधी जली हुई हालत में मिली, उसका पिछला हिस्सा उड़ गया था। अंत में मॉर्चुरी में पंकज का शव मिला।


