कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में फर्जी तरीके से वोटर्स जोड़े जाने का आरोप लगाया है। राहुल ने दिल्ली में शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी हुई। वोटर लिस्ट में नए मतदाता जोड़े गए, ताकि भाजपा की जीत हो सके। राहुल ने इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा है।
इसे लेकर चुनाव आयोग ने X पोस्ट में कहा कि ECI के लिए मतदाता सबसे पहले आते हैं, इसके बाद सभी पॉलिटिकल पार्टियां चुनाव की प्रमुख स्टेकहोल्डर हैं।
इलेक्शन कमीशन पार्टियों के विचारों, सुझावों और सवालों को गहराई से महत्व देता है। कमीशन पूरे देश में समान रूप से अपनाई गई चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी लिखित रूप में पूरे तथ्यों के साथ देगा।
राहुल ने X पोस्ट में इलेक्शन कमीशन पर आरोप लगाए
राहुल ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के लिए पांच साल में महाराष्ट्र में 32 लाख वोटर्स जोड़े गए, जबकि इसके पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव के लिए 39 लाख वोटर्स को जोड़ा गया।
उन्होंने चुनाव आयोग से पूछा कि पांच महीने में पांच साल से ज्यादा वोटर्स कैसे जोड़े गए?
विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल वयस्क आबादी से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर्स कैसे थे?
राहुल ने कहा कि इसका एक उदाहरण कामठी विधानसभा है, जहां भाजपा की जीत का अंतर लगभग उतना ही है जितने नए वोटर्स जोड़े गए।
इलेक्शन कमीशन को इन सवालों का जवाब देना होगा और हमें हमें महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के वोटर्स का डेटा मुहैया कराना चाहिए।


