पीएम नरेंद्र मोदी अररिया के बाद मुंगेर में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कांग्रेस के शहजादे ने कहा कि हर परिवार की कमाई का, प्रॉपर्टी का सर्वे करेंगे। विरासत टैक्स लगाकर आपसे लूटी गई संपत्ति को कांग्रेस अपने खास वोट बैंक को बांट देगी। आज पूरा देश, नौजवान, बुजुर्ग मां-बाप चिंतित हैं। इसलिए एक स्वर से पूरा देश कह रहा है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।
वहीं, अररिया के फारबिसगंज में पीएम ने अपने 43 मिनट के संबोधन में 17 मिनट तक कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि RJD, कांग्रेस के INDI गठबंधन को न देश के संविधान की परवाह है और न ही लोकतंत्र की परवाह है। ये वह लोग हैं जिन्होंने दशकों तक बैलट पेपर के बहाने गरीबों का अधिकार छीना।
पोलिंग बूथ, बैलट पेपर लूट लिए जाते थे। जब गरीबों को EVM की ताकत मिली है तो चुनाव के दिन लूट करने वालों को बर्दाश्त नहीं हो रहा था। इसलिए वे EVM को हटाना चाहते हैं, लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट ने मतपेटियों को लूटने के इरादा रखने वालों को ऐसा गहरा झटका दिया है कि उनके सारे सपने चूर-चूर हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, इन्होंने(कांग्रेस) यहां तक झूठ फैलाया कि कभी डॉ. मनमोहन सिंह ने ऐसा कहा ही नहीं था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। लेकिन आज डॉ. मनमोहन सिंह का एक और पुराना वीडियो सामने आया है जिसमें वे वही कह रहे हैं कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। यह वीडियो सामने के बाद कांग्रेस और उनके पूरे इकोसिस्टम को जैसे सांप सूंघ गया है।
पीएम ने आगे कहा कि देश के हित में देश और भी बड़े फैसले लेने वाला है। पूरा देश एक ही बात कह रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम ने युवा वोटर्स से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की।
इंडी गठबंधन का काम अपनी तिजोरी भरना
उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश को शक्तिशाली बनाने के लिए है। बिहार की इसमें बड़ी भूमिका है। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए आपका सेवक और यहां नीतीश जी पूरी शक्ति से काम कर रहे हैं। इंडी गठबंधन का मकसद है देश के लोगों से छीनना। उन्हें लटकाकर रखना और अपनी तिजोरी भरना।
PM के सामने छलका चिराग का दर्द
पीएम से पहले चिराग पासवान ने सभा को संबोधित किया। संबोधित करते हुए उनका दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि RJD वाले मां-बेटियों को खुलेआम बेइज्जत करते हैं। आपको बता दें कि तेजस्वी की सभा में चिराग की मां को गाली दी गई थी।