यूपी की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी (70 साल) का मंगलवार को हापुड़ में एक्सीडेंट हो गया। उनकी XUV पुलिस जीप से टकरा गई। सिर में चोट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं, ड्राइवर सतबीर के हाथ में चोट लगी है।
हादसे के बाद मंत्री की गाड़ी में लगे एयरबैग नहीं खुले। मंत्री और ड्राइवर को रामा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डीएम अभिषेक पांडे और एसपी ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचे। CMO डॉक्टर सुनील त्यागी की टीम मंत्री का इलाज कर रही है। मंत्री के सिर की MRI कराई जा रही है।
हादसा कैसे हुआ?
दरअसल, मंत्री गुलाब देवी मंगलवार दोपहर दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही थीं। उनकी XUV के आगे पुलिस जीप चल रही थी। पिलखुआ थाना क्षेत्र में छिजारसी टोल प्लाजा के पास पुलिस जीप के आगे चल रही प्राइवेट गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाया। इसलिए पुलिस जीप के ड्राइवर को भी ब्रेक लगाना पड़ा। लेकिन मंत्री की XUV पुलिस जीप से टकरा गई।
गुलाब देवी कार में पीछे बैठी थीं। उनका सिर गाड़ी से टकराया। इससे वह घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंत्री को स्कॉर्पियो में बिठाकर टोल प्लाजा से करीब एक किमी दूरी पर स्थित रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया है।
ड्राइवर बोला- बचने में टकराई गाड़ी
मंत्री गुलाब देवी की XUV के ड्राइवर सतबीर ने बताया, मैंने टोल क्रॉस किया। अभी ठीक से कार का गेयर भी नहीं लग पाया था। तभी आगे वाली गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दी। एस्कॉर्ट वाली गाड़ी आगे चल रही थी। उसने भी अचानक ब्रेक लगा दी। उससे बचने के चक्कर में मेरी गाड़ी टकरा गई।


