पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि नया वक्फ कानून पश्चिम बंगाल में लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक पश्चिम बंगाल में ममता दीदी है, मुस्लिम समुदाय की संपत्ति की रक्षा करेगी।
इस बयान पर भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता फर्जी हिंदू हैं, अपनी भाषा और आचरण से उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है। मुर्शिदाबाद में हिंदुओं की दुकानों पर तोड़फोड़ की गई, पुलिस पर हमला किया गया। फिर भी ममता चुप हैं।
वक्फ संशोधन कानून लोकसभा-राज्यसभा से पास होने के बाद 8 अप्रैल से देश में लागू कर दिया गया है। इसकी संवैधानिकता के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में 12 याचिकाएं दाखिल हो चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट इस पर सुनवाई के लिए तैयार है। तारीख अभी नहीं तय की है।
इधर, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बुधवार को लगातार तीसरे दिन नए वक्फ कानून पर हंगामा हुआ। विधानसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और भाजपा के विधायकों के बीच हाथापाई हो गई। विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
दूसरी ओर, AAP विधायक मेहराज मलिक ने कहा- हिंदू तिलक लगाते हैं लेकिन पाप करते हैं। इस पर भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने मलिक की निंदा करते हुए कहा कि यह हिंदुओं का अपमान है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मंगलवार शाम को वक्फ कानून के विरोध के दौरान हिंसा भड़क गई। कई वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। इसमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों से झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मुर्शिदाबाद में मुस्लिम संगठन के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। लोगों ने पुलिस के वाहन और अन्य वाहनों में आग लगी दी।
इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे प्री प्लान्ड हिंसा बताया। उन्होंने मंगलवार को कहा कि हमें पहले से पता था कि ममता बनर्जी इस तरह का रास्ता अपनाएंगी ताकि शिक्षक भर्ती घोटाले और 26,000 शिक्षकों की बर्खास्तगी से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।


