महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में आज चुनाव हुआ। सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5:30 बजे समाप्त हुआ। दोपहर 3:30 बजे तक 41.08% वोटिंग हो चुकी थी। शुक्रवार को इसका रिजल्ट आएगा।
इस बीच एक्टर आमिर खान मुंबई में वोटिंग करने पहुंचे। बाहर आकर उन्होंने मराठी में वोट डालने की अपील की। जब मीडिया ने उनसे हिंदी में बोलने को कहा।
एक्टर ने जवाब दिया- अरे ये महाराष्ट्र है भाई। हालांकि बाद में आमिर ने हिंदी में कहा कि, पोलिंग बूथ पर बढ़िया इंतजाम हैं, लोग घर से बाहर निकलें और वोट डालें।
उधर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे ने उंगलियों पर लगाई जा रही स्याही के मिटने का दावा किया। हालांकि राज्य चुनाव आयोग ने कहा- स्याही को लेकर भ्रम न फैलाएं।
इन चुनावों में सबसे अहम बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) है जहां 2017 के बाद 227 सीटों पर चुनाव हो रहा है। यहां बहुमत के लिए 114 का आंकड़ा जरूरी है। बीएमसी की 227 सीटों में से 32 सीटों पर BJP-शिवसेना गठबंधन और शिवसेना (UBT)-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के बीच सीधा मुकाबला है।
बीएमसी चुनाव में कुल 227 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। भाजपा- शिवसेना (शिंदे गुट) में गठबंधन हैं। बीजेपी 137 सीटों पर लड़ रही है वहीं शिंदे की शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
उधर शिवसेना यूबीटी ने मनसे के साथ अलांयस किया है। यूबीटी जहां 163 सीटों पर लड़ेगी वहीं MNS को 52 सीट मिली हैं। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से गठबंधन किया है। कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है वहीं वीबीए को 46 सीट दी गईं हैं। एनसीपी ने किसी के साथ हाथ नहीं मिलाया। अजित गुट वाली ये पार्टी 94 सीटों पर लड़ रही है।
आदित्य ठाकरे ने कहा, आप देख सकते हैं कि मुंबई, पुणे और हर जगह चुनाव आयोग और नगर निगम का सिस्टम बहुत खराब हालत में है। पर्ची किसी दूसरे बूथ की, नाम अलग बूथ में है। कुछ जगहों पर नाम पुरुष का है जबकि फोटो महिला की है। सोचिए चुनाव अधिकारी कितनी गड़बड़ करते हैं। इन्हें हमारे पैसे से सैलरी दी जाती है, टैक्स देने वालों के पैसे से दी जाती है। इन पर सवाल उठाना जरूरी है।


