झारखंड विधानसभा चुनाव में भी यूपी के CM योगी आदित्यनाथ का नारा बंटेंगे तो कटेंगे चर्चा में आ गया है। योगी ने मंगलवार को कोडरमा की चुनावी सभा में कहा देश का इतिहास गवाह है जब भी बंटे हैं, निर्ममता से कटे हैं।
इस पर रांची के कांके की चुनाव सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पलटवार किया। खड़गे ने कहा- बांटने वाले भी यही लोग हैं।
यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए योगी ने नारा बंटेंगे तो कटेंगे…दिया है।
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के कोडरमा और बड़कागांव की सभाओं में सीएम योगी ने कहा कि अपनी ताकत का एहसास करवाइए। जातियों में नहीं बंटना है। जाति के नाम पर कुछ लोग आपको बांटेंगे, कांग्रेस और विपक्ष यही काम करती है। ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों, रोहिंग्या को बुला रहे हैं। एक दिन ये लोग आपको घर के अंदर घंटी और शंख भी नहीं बजाने देंगे। इसलिए एक रहिए और नेक रहिए। मैं तो कहता हूं कि देश का इतिहास गवाह है जब भी बंटे हैं, निर्ममता से कटे हैं।
जिस तरह औरंगजेब ने देश को लूटा था, मंदिरों को नष्ट किया था, उसी तरह झारखंड सरकार एक मंत्री था आलमगीर आलम। उनके घर से नोटों की गड्डियां मिली थीं। ये पैसा झारखंड के गरीबों का था, जिसे लूटकर जमा किया गया था।
योगी बोले- आज भारत के नाम से ही पाकिस्तान थर-थर कांपता है। आज भारत इतना शक्तिशाली है कि सभी आतंकवादी अपने बिल में घुसे हुए हैं। पीएम मोदी इतने शक्तिशाली हैं कि आज कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देखता है। PM मोदी ने धारा 370 खत्म करके कश्मीर का समाधान कर दिया।
पहले चीन भारत को आंख दिखाता था अब वह पीछे हट रहा है। INDIA गठबंधन देश की सुरक्षा, देश के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसलिए लोग बीजेपी को वोटकर यहां उनकी सरकार बनाएं।
जिस तरह से यूपी में बुलडोजर से माफिया राज का अंत किया गया उसी तरह झारखंड में भी अपराधियों का खात्मा बीजेपी सरकार करेगी। बीजेपी की सरकार ही माफियाओं का नाश कर सकती है। 2017 के बाद यूपी में बुलडोजर चलना शुरू हुआ,वहां माफिया का सफाया हो गया।
इस साल अयोध्या में भव्य दीपोत्सव हुआ। 500 वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम लला के आने से देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। जब अयोध्या में राम मंदिर बना तब मोदी जी ने कहा था कि अयोध्या में शुरुआत है, मथुरा में भी यही होने वाला है।

