दिल्ली के उत्तम नगर में 36 साल के करन देव की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, करन की हत्या पत्नी सुष्मिता और उसके प्रेमी राहुल ने की है। राहुल करन का चचेरा भाई है।
पहले करन की मौत की वजह करंट बताई गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले का खुलासा दोनों की इंस्टाग्राम चैट से हुआ। दोनों ने करन की बेहोशी की हालत में करंट देकर हत्या की थी।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी सुष्मिता और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। करन की मौत 12 जुलाई को हुई थी।
13 जुलाई को पत्नी सुष्मिता करन का शव लेकर वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी अस्पताल पहुंची। उसने बताया कि करन को घर में करंट लग गया है। परिवार ने पहले इसे हादसा मानकर पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया।
पुलिस को करन की उम्र और हालात को देखते हुए शक हुआ और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हरिनगर के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया। सुष्मिता, राहुल और राहुल के पिता ने इसका विरोध किया।
घटना के 2 दिन बाद करन के छोटे भाई कुनाल देव ने सुष्मिता और राहुल की इंस्टाग्राम चैट ढूंढ निकाली। चैट में हत्या की साजिश की बात थी। कुनाल ने इसका वीडियो बनाकर 16 जुलाई को पुलिस को सौंपा।
चैट से खुलासा हुआ कि 12 जुलाई की रात सुष्मिता ने करन के खाने में 15 नींद की गोलियां मिलाईं। जब दवाइयों का असर नहीं हुआ तो सुष्मिता घबरा गई और राहुल से पूछा कि तीन घंटे हो गए, न उल्टी हुई, न पोटी, न मौत। अब क्या करें?, राहुल ने जवाब दिया कि अगर कुछ नहीं समझ आ रहा तो करंट दे दो।
इसके बाद दोनों ने करन को टेप से बांधकर उसके हाथ में करंट लगाया, ताकि यह हादसे जैसा लगे। करन बेहोश हो गया, तब सुष्मिता अपने ससुराल वालों के पास गई और कहा कि करन को करंट लग गया है। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुष्मिता ने बताया कि करन उसे गाली देता था, मारता था और पैसों की मांग करता था। दोनों आरोपी साथ रहना चाहते थे और करन की संपत्ति भी हथियाना चाहते थे।


