मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को देश के 24 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया था। इसका असर राजधानी दिल्ली में नजर आया। जहां शनिवार दोपहर कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। 50 kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। जिसके कारण अशोक नगर मेट्रो स्टेशन का शेड उखड़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 3 बजे तक शहर में लगभग 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली-NCR के महारानी बाग, मयूर विहार, गाजियाबाद और नोएडा में बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली।
इधर, उत्तर प्रदेश के नोएडा में तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव का भी अलर्ट है। बिहार-ओडिशा में भी उमस रह सकती है।
ओडिशा में बारिश और तेज गर्मी का कहर है। शुक्रवार को बिजली की चपेट में आने से 6 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हुई। इनमें से ज्यादातर लोग खुले मैदान में थे।
राजस्थान में भी तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 3-4 और ऐसी ही गर्मी रहेगी। जोधपुर-बीकानेर संभाग में धूलभरी आंधी भी चल सकती है।
मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन आंधी-बारिश के साथ हीटवेव का अलर्ट है। आज 39 शहरों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। शुक्रवार को ग्वालियर, खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 45°C से ज्यादा रहा।
साउथ वेस्ट मानसून भी आगे बढ़ा, कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा
इधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर के दक्षिणी भागों, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य भाग के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है।
IMD के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग तथा बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर भाग के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। अगले चार-पांच दिनों तक राजस्थान, उत्तर प्रदेश में तक लू चलेगी। दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। 20 मई से 22 मई तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।


