गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र के मुंबई, जलगांव, बुलढाणा और अमरावती में चुनावी सभाएं कीं। उन्होंने कहा कि ‘महाविकास अघाड़ी (MVA) महाराष्ट्र में तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। जब तक हमारे एक भी सांसद-विधायक रहेंगे, हम धार्मिक आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे।’
उन्होंने कहा कि MVA की सारी योजनाएं महाराष्ट्र की विचारधारा का अपमान करने वाली हैं। इन योजनाओं से पता चलता है कि MVA किसी भी तरह सत्ता पाना चाहती है, फिर चाहे उसे राज्य की संस्कृति से छल ही क्यों न करना पड़े।
शाह बोले- ‘उद्धव ठाकरे राम मंदिर, सावरकर, 370 और CAA-UCC का विरोध करने वालों के साथ हैं। क्या वे राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं से वीर सावरकर और बाला साहेब ठाकरे जी के लिए दो अच्छी बातें बुलवा सकते हैं? वे नहीं बोलेंगे। यह अघाड़ी गठबंधन आंतरिक विरोधाभासों से घिरा हुआ है। उद्धव जी को तय करना है कि वो कहां बैठेंगे।’
BJP ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने रविवार को अपना घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। अमित शाह ने घोषणा पत्र को सार्वजनिक किया। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि हमने 25 लाख नौकरियां देने, महाराष्ट्र के पूर्ण विकास, किसानों के लिए भावांतर योजना, कर्जमाफी, स्किल सेंटर्स और महिलाओं को 2100 रुपए देने का संकल्प लिया है।
महा विकास अघाड़ी ने रविवार को महाराष्ट्र चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। MVA ने इसे ‘महाराष्ट्रनामा’ नाम दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास के लिए हमारे 5 स्तंभ हैं। महाराष्ट्र का विकास और प्रगति खेती, ग्रामीण विकास, उद्योग और रोजगार, शहरी विकास, पर्यावरण और जन कल्याण पर आधारित होगा।


