नई दिल्ली: कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग को लगभग एक साल हो गए हैं। भारत में कोरोना का टीकाकरण भी शुरू हो चुका है। लेकिन एक बार फिर कोरोना की वापसी की लहर ने लोगों को खौफ में दाल दिया है। देश में 91 जिलों में कोरोना के नए मरीज मिले है। इनमें से 34 जिले महाराष्ट्र के ही हैं। इसके अलावा कर्नाटक के 16, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, गुजरात और बिहार के 4-4, जबकि केरल के दो जिले शामिल हैं। यहां बीते कुछ दिनों से रोजाना संक्रमितों की संख्या ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा है।
रविवार को देश में 14,278 नए मरीज मिले। 9,715 ठीक हुए, जबकि 83 की मौत हो गई। 4,468 एक्टिव केस बढ़े, जो 87 दिन में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 25 नवंबर को 7,234 एक्टिव केस बढ़े थे। एक्टिव केस यानी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख 97 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 56 हजार 422 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1 लाख 47 हजार 156 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
केंद्र ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर वैक्सीनेशन में तेजी लाने को कहा है। अभी कई राज्यों में हफ्ते में सिर्फ दो दिन ही वैक्सीनेशन हो रहा है। अभी फ्रंटलाइन और हेल्थ केयर वर्कर्स को ही वैक्सीन लगाई जा रही है। मार्च से 50 साल से अधिक उम्र के सभी और 50 साल से कम उम्र के उन नागरिकों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी जिन्हें अन्य बीमारियां भी हैं। केंद्र ने इसके लिए भी तैयार रहने को कहा है।