पलवल। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन,आईपीएस ने बताया है कि शत्रुजीत कपूर, पुलिस महानिदेशक हरियाणा एवं हरदीप सिंह दून,अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे, करनाल के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा पुलिस द्वारा वाहन चालकों की सहूलियत को मध्य नजर रखते हुए यातायात नियमों की अवहेलना होने उपरांत आधुनिक युग में चालान आसानी एवं शीघ्रता से भरने हेतु क्यूआर कोड यूपीआई की शुरुआत की गई है।
इसी पहल में मुख्यालय की तरफ से जिला पलवल पुलिस को भी क्यूआर कोड उपलब्ध कराए गए हैं। अब जिला पुलिस द्वारा किए गए वाहनों के चालान ऑनलाइन क्यूआर कोड से भी भरें जा सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब किसी भी वाहन चालक अथवा मालिक को चालान भरने के लिए इधर-उधर दफ्तरों के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि इस पेटीएम क्यूआर कोड की सहायता से घर बैठे भी इस पेटीएम क्यूआर कोड को स्कैन कर आसानी से वाहनों के चालान का भुगतान किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पेटीएम की मदद से क्यूओर कोड स्कैन करने की शुरुआत की गई है, जिसमें पलवल क्षेत्र के सभी थानों, चौकियों, ट्रैफिक बूथों और सभी सीएससी सेंटरों में इन पेटीएम क्यूआर कोड को स्थापित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्यूआर कोड को स्कैन करने पर सबसे पहले यह आपको हरियाणा ट्रैफिक पुलिस के पेज पर लॉगिन कराएगा। जिस पर आप अपना चालान नंबर या वाहन नंबर डाले, जिसके बाद चालान साइट पर आपके चालान की राशि आने पर चालान का भुगतान आसानी से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि क्यूआर कोड से यह सुविधा केवल 90 दिनों तक रहेगी इसके उपरांत चालान वर्चुअल कोर्ट में जमा हो जाएगा। डिजिटल युग में लोग किसी भी लेनदेन के लिए नकद भुगतान की तुलना में डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने चालान का भुगतान क्यूआर कोड से करने की व्यवस्था लागू की जा रही है। जिससे लोगों को नकदी नहीं होने की स्थिति में भी चालान का भुगतान करने में आसानी होगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात थाना प्रभारी सहित सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए है कि एक विशेष अभियान तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के बकाया चालान को भरवाना सुनिश्चित करें तथा चालान न भरने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाए। पुलिस विभाग की तरफ से सभी वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि जिन वाहनों के ट्रैफिक चालान लंबित है वे समय रहते इन्हें भरना सुनिश्चित करें अन्यथा पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। पुलिस प्रशासन की और से आमजन से अपील करते हुए कहा गया है कि वे जल्द से जल्द ट्रैफिक चालान भरना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें यात्रा के दौरान कोई असुविधा ना हो ।


