फरीदाबाद। पूर्व कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी.दलाल ने फरीदाबाद में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों को “स्वतंत्र भारत का स्वर्णिम काल” बताया। उन्होंने कहा कि यह कालखंड केवल एक सरकार की यात्रा नहीं, बल्कि ‘संकल्प से सिद्धि’ तक के राष्ट्रीय नवजागरण की गाथा है।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, सह मीडिया प्रभारी राज मदान, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, सुरेन्द्र जांगड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। श्री दलाल ने कहा कि 2014 से पहले देश में क्या माहौल था, घोटाले की हेडलाइंस होती थी, आतंकवाद का बोलबाला था, बैंकों का हाल ऐसा था कि बैंक ऐसा लगता था डूब जाएंगे, उस समय देश की जनता ने फैसला लिया और मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार चुनी। मोदी ने जनहित योजनाओं के माध्यम से महिला, किसान, गरीब और युवा सभी वर्गों को सशक्त करने का कार्य किया।
2014 से प्रारंभ हुई यह यात्रा आज भारत को ‘विश्व गुरु’ बनने की ओर अग्रसर कर रही है। श्री दलाल ने इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि हरियाणा सरकार पारदर्शी प्रशासन, जनकल्याण और विकास में आज देश के अग्रणी राज्यों में है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जमीन पर उतारते हुए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता तीन हजार मासिक तक बढ़ाया गया। 79 नए कॉलेज, जिनमें से 32 केवल बेटियों के लिए; हर 20 किमी के दायरे में एक कॉलेज सुनिश्चित किया।
योग्यता आधारित नौकरियाँ-बिना खर्ची, बिना पर्ची सुनिश्चित की। स्वामित्व योजना और लाल डोरा क्षेत्र का उन्मूलन-संपत्ति का अधिकार आम जनता तक पहुँचा। महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50% आरक्षण, और भूमिहीनों को प्लॉट वितरण-सामाजिक न्याय की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। वर्ष 2014 में हरियाणा का बजट 60 हजार करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 207000 करोड़ रुपये हो गया है। यह राज्य की आर्थिक प्रबंधन क्षमता और विकास प्राथमिकता का प्रतीक है।


