फरीदाबाद/ फरीदाबाद कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर 70, मुजैड़ी रोड में आज एक अत्यंत प्रेरणादायक और सामाजिक सरोकार से जुड़ा रक्तदान शिविर का आयोजन फरीदाबाद कान्वेंट स्कूल एवं भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रशासक बीरबल शर्मा, प्रधानाचार्य सतेन्द्र सौरौत तथा प्रबंधक जया चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इन सभी की सक्रिय भागीदारी, कुशल योजना एवं समर्पित नेतृत्व ने इस शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आलोक मित्तल (IPS) अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, भ्रष्टाचार निरोधक शाखा हरियाणा का विद्यालय प्रशासन की ओर से उनका भव्य और गरिमामय स्वागत किया गया, जिसमें पुष्पगुच्छ भेंट, स्मृति चिन्ह एवं आत्मीय शब्दों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
मित्तल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “रक्तदान सबसे बड़ी सेवा है और हम सभी को इसके लिए आगे आना चाहिए। रक्तदाता ही हमारे समाज के सबसे बड़े नायक हैं।उन्होंने कहा कि “फरीदाबाद कॉन्वेंट स्कूल केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा में भी अग्रणी स्थान रखता है। समाज की भलाई हेतु ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।”
सुनील मान ने रक्तदाताओं की व्यवस्था करने, उन्हें प्रेरित करने और सुविधा उपलब्ध कराने में विशेष योगदान दिया। उन्होंने स्वयं भी रक्तदान कर समाज के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।


