फरीदाबाद। फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में रविवार एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बता दे कि केजीपी एक्सप्रेसवे पर एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह कार डायल 112 की आपातकालीन सेवा पर तैनात एक पुलिसकर्मी की थी। गनीमत यह रही कि पुलिसकर्मी ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत कार से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई। मिली जानकारी के अनुसार छांयसा थाना क्षेत्र में डायल 112 की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन सेवा पर तैनात सहायक मुख्य हेड कांस्टेबल कर्मवीर रविवार सुबह अपनी टाटा कर्व कार से ड्यूटी के लिए थाने जा रहे थे।
जब वह केजीपी से गुजर रहे थे और उस फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे जो जेवर एयरपोर्ट के लिए बनाए जा रहे रास्ते का हिस्सा है, तभी अचानक उनकी कार के इंजन की तरफ से तेज धुआं निकलना शुरू हो गया। कर्मवीर ने बताया कि जैसे ही उन्होंने इंजन की तरफ से धुआं निकलते देखा, उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए अपनी कार को सडक़ किनारे रोक दिया। इस दौरान वह तुरंत कार से बाहर निकल आए। कुछ ही सेकंड के अंदर इंजन में तेज आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए स्टीयरिंग की तरफ पहुंच गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिसकर्मी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें कार के अंदर रखे अपने जरूरी कागजात तक निकालने का मौका नहीं मिला।
कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई। उस समय उनके साथ एक अन्य साथी भी मौजूद था, लेकिन गनीमत रही कि दोनों समय रहते कार से बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए। घटना के तुरंत बाद कर्मवीर ने इसकी सूचना थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही कार का करीब आधे से ज्यादा हिस्सा जल चुका था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें कुछ भी नहीं बच पाया। कर्मवीर ने बताया कि उन्होंने यह डीजल कार करीब तीन महीने पहले ही खरीदी थी।
अभी तक कार पर अस्थायी नंबर ही लगा हुआ था और उसकी पहली सर्विस भी नहीं हुई थी। पुलिसकर्मी ने कहा कि उन्हें अभी तक यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर नई कार में अचानक इतनी भयानक आग कैसे लग गई। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर पेट्रोल या संपीडि़त प्राकृतिक गैस से चलने वाली गाडिय़ों में आग लगने की घटनाएं सुनने को मिलती हैं, लेकिन डीजल कार में इस तरह अचानक आग लगना उनके लिए भी हैरान करने वाली बात है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर विद्युत शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।


