फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को आगामी सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2025 को लेकर राज्यभर के पुलिस उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी जिलों में परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित संपन्न कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में शामिल किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और पिक-ड्रॉप की सुविधा सुनिश्चित करने के साथ ही सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन तथा परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि 26-27 जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में कुल 163 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें हर शिफ्ट में लगभग 42 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इनमें सबसे अधिक परीक्षार्थी झज्जर से आएंगे। पलवल, नूंह, रोहतक, गुरुग्राम और अन्य राज्यों से भी अभ्यर्थी फरीदाबाद आएंगे। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को पेपर न छूटे इसलिए पिक-ड्रॉप और परिवहन की फुल प्रूफ व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा के दौरान सभी सरकारी कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे और उनकी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद प्रशासन एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी करेगा, जहां अभ्यर्थी किसी भी सहायता के लिए संपर्क कर सकेंगे।
112 डायल पर तैनात पुलिस गश्त करेंगे और जरूरत पड़ने पर पिक-ड्रॉप भी मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष बस सेवाओं का भी जिक्र किया, ताकि दूरदराज के अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। रोडवेज, पुलिस और परिवहन विभाग के बीच समन्वय स्थापित है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पुलिस बल की तैनाती की है ताकि केंद्रों के आस-पास शांति व्यवस्था बनी रहे। अधिकारी- कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व जांच लें और आपातकालीन योजना तैयार रखें।
डीसी ने कहा कि यह परीक्षा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खोलने वाला महत्वपूर्ण कदम है। हम हर संभव प्रयास करेंगे कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने का समान अवसर मिले। बैठक में एडीसी सतबीर मान, डीसीपी उषा देवी, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, आरटीए मुनीश सहगल, जीएम रोडवेज फरीदाबाद शिखा अंतिल, सीटीएम अंकित कुमार सहित शिक्षा, पुलिस और अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


