फरीदाबाद, 14 दिसम्बर। जिला फरीदाबाद में निरंतर चल रहा विकसित भारत संकल्प यात्रा का रथ आज वीरवार को गांव मंधावली व भैंसरावली पहुंचा। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राजेश नागर ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाना है।
इसके लिए देश के हर नागरिक को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जागृत होना चाहिए। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि लोगों में राष्ट्र के प्रति चेतना उत्पन्न कर राष्ट्र को आगे ले जाना है तथा आमजन को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना है। इस अवसर पर विधायक ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं और अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ – साथ मौके पर ही पात्र नागरिकों को योजनाओं व सेवाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाकर योजनाओं का लाभ दे रहे हैं।


