बल्लभगढ़, 29 मार्च: बल्लभगढ़ के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान भव्य कल्याणी अस्पताल ने अपनी पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई और इस अवसर पर अपने अत्याधुनिक कैथ लैब और हार्ट सेंटर का भव्य उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में, अस्पताल के संस्थापक डॉ. ओम जीवन शर्मा और उनकी पत्नी डॉ. आरती शर्मा ने भव्य कीर्तन और कथा का आयोजन किया।
इस विशेष अवसर पर इस्कॉन फरीदाबाद के प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु परम पूज्य भक्ति आश्रय स्वामी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समग्र स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “अच्छे स्वास्थ्य के बिना आध्यात्मिक प्रगति संभव नहीं है। एक उत्तम अस्पताल शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है, और डॉ. ओम जीवन शर्मा इस समाज की बहुत बड़ी सेवा कर रहे हैं, जहां वे न केवल शारीरिक उपचार बल्कि आध्यात्मिक पोषण भी प्रदान कर रहे हैं।”
डॉ. ओम जीवन शर्मा, जो इस्कॉन के संस्थापक-आचार्य श्रील प्रभुपाद के अनुयायी हैं, भव्य कल्याणी अस्पताल में समग्र चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा दे रहे हैं। वे कीर्तन और कथा को उपचार प्रक्रिया का एक हिस्सा बनाकर रोगियों को आध्यात्मिक शांति और समग्र कल्याण प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं।
कैथ लैब और हार्ट सेंटर का शुभारंभ भव्य कल्याणी अस्पताल की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो समुदाय को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के संकल्प को और मजबूत करता है।


